निसरपुर ब्लॉक में आने वाले समय में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवास एक रंग में नजर आएंगे, ताकि दूर से ही पहचान में आ जाए कि यये प्रधानमंत्री आवास हैं। गत दिनों जिला पंचायत सीईओ ने बैठक में जिले के हर ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना का एक रंग रखने की पहल शुरू की है। इसे लेकर निसरपुर में प्रयास भी शुरू हो गए हैं। 2020-21 में ब्लॉक में स्वीकृत हुए 348 प्रधानमंत्री आवास योजना के भवनों को अब एक रंग में रंगा जाएगा।
रविवार को सुसारी के ग्राम पंचायत भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना के नवीन स्वीकृत 53 भवनों के हितग्राहियों की बैठक जनपद पंचायत सीईओ एसएम माधवाचार्य ने ली। इसमें आने वाले समय में किस तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के भवन को बनाना है। यदि हितग्राही सामूहिक रूप से सामग्री क्रय कर अपने-अपने हिस्से की भवन निर्माण की सामग्री लेते हैं, तो उन्हें किन-किन बातों का फायदा मिल सकता है, इस बारे में हितग्राहियों को विस्तार से बताया गया। बैठक में आयुष्मान कार्ड योजना के साथ 60 साल के बुजुर्गों को कोविड का टीका लगाने के बारे में बताया गया। जनपद के आरसी गणावा, सरपंच विश्राम डावर, नगर भाजपा अध्यक्ष नारायण पाटीदार, सहायक सचिव हरि मौर्य आदि उपस्थित थे।
निसरपुर ब्लॉक दो सत्र से प्रधानमंत्री आवास में अव्वल
निसरपुर ब्लॉक में साल 2018-19 में 370 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए थे, जो सभी पूर्ण हो चुके हैं। वहीं साल 2019-20 में 215 में से 213 प्रधानमंत्री आवास बन चुके हैं व 12 का कार्य प्रगति पर है। जबकि जिले में सत्र 2019-20 में जो प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए थे, उसमें से 70 फीसद ही पूर्ण हो पाए हैं। जबकि निसरपुर ब्लॉक में 98 फीसद कार्य पूर्ण हो गया है। साल 2020-21 के लिए 348 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं। ऐसे में जनपद के साथ पंचायत का अमला अभी से इस पर मानिटरिंग व बैठक कर इसे भी पूर्ण लक्ष्य पर ले जाना चाहता है।
एक रंग में समभाव नजर आएगा
नईदुनिया से चर्चा में जनपद पंचायत सीईओ एसएम माधवाचार्य ने बताया कि गत दिनों जिला पंचायत सीईओ आशीष वशिष्ठ ने बैठक ली थी। इसमें जिले के हर ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना में भवन का रंग यदि एक हो जाता है, तो काफी अच्छा रहेगा। रंग का चयन ब्लॉक स्तर पर तय किया जाए। ऐसे में बैठक में हितग्राहियों को समझाया गया कि एक रंग तय कर आपको बताया जाएगा। आप उसी रंग में अपने आवास की पुताई करें।










































