ISI हैंडलर के ‘लव ट्रैप’ में फंसी पंजाब की तलाकशुदा युवती, प्रेमी के साथ मिलकर ट्रेन उड़ाने की रची साजिश, हुए सनसनीखेज खुलासे

0

जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के हैंडलर ने पहले युवती को ‘लव ट्रैप’ और पैसों का लालच देकर अपने जाल में फंसाया जिसके बाद युवती ने अपने प्रेमी को भी यात्री ट्रेन उड़ाने की इस खौफनाक साजिश में शामिल कर लिया।

एक प्रेम संबंध कैसे सीमा पार से रची गई आतंकी साजिश का जरिया बन गया, इसका सनसनीखेज खुलासा राजस्थान के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने किया है। श्रीगंगानगर जिले की अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 3 नवंबर को हुए विस्फोट के मामले में एटीएस ने पंजाब के गुरदासपुर निवासी 21 वर्षीय युवती महकदीप कौर और उसके 23 वर्षीय प्रेमी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) के हैंडलर ने पहले युवती को ‘लव ट्रैप’ और पैसों का लालच देकर अपने जाल में फंसाया, जिसके बाद युवती ने शादी और रकम का झांसा देकर अपने प्रेमी को भी यात्री ट्रेन उड़ाने की इस खौफनाक साजिश में शामिल कर लिया।

गलत टाइमिंग ने टाला बड़ा रेल हादसा

एटीएस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) दिनेश एम.एन. के मुताबिक, इस पूरी साजिश का मकसद एक यात्री ट्रेन को बम से उड़ाना था। इसके लिए दोनों आरोपियों को पाकिस्तानी हैंडलर्स की ओर से 2.23 लाख रुपये दिए गए थे—जिसमें एक लाख रुपये नकद और बाकी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए भेजी गई थी। आरोपियों को वीडियो कॉल के माध्यम से आईईडी (IED) लगाने और टाइम बम सेट करने की बकायदा ऑनलाइन ट्रेनिंग दी गई थी। गनीमत यह रही कि टाइमिंग की चूक के कारण विस्फोट ट्रेन के गुजरने के करीब 30 मिनट बाद रात 9:45 बजे हुआ, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा टल गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पटरियों के बीच गड्ढा हो गया और दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे रेल यातायात करीब 10 घंटे तक बाधित रहा।

जेल से शुरू हुई पाकिस्तानी तस्करों से जुड़ने की कहानी

एटीएस की जांच में इस नेटवर्क की परतें बेहद चौंकाने वाली निकली हैं। महकदीप की शादी करीब दो साल पहले करण नाम के युवक से हुई थी, लेकिन 24 दिसंबर 2024 को दोनों का तलाक हो गया। फरवरी 2025 में करण हेरोइन तस्करी के मामले में जेल चला गया। जेल में मुलाकात के दौरान करण ने महकदीप को पैसों का इंतजाम करने के लिए पाकिस्तान स्थित एक तस्कर ‘लवली’ का नंबर दिया। लवली ने महकदीप की पहचान अपने साथी ‘शाह’ से कराई। शाह ने महकदीप से प्रेम संबंध बढ़ाया और धीरे-धीरे उसे पैसों के बदले रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद शाह ने वीडियो कॉल पर महकदीप और उसके 12वीं कक्षा के समय से प्रेमी रहे देवेंद्र की बात अपने ‘चाचा’ कहे जाने वाले एक अन्य हैंडलर से कराई, जिसने दोनों को इस आतंकी वारदात का जिम्मा सौंपा।

recommended by

दो बार नाकाम होने के बाद ड्रोन से मंगवाया विस्फोटक

आरोपियों ने इस साजिश को अंजाम देने के लिए तीन बार कोशिश की। पहली कोशिश 6 अक्टूबर को दोनों श्रीगंगानगर के विजयनगर पहुंचे, लेकिन तय जगह पर विस्फोटक न मिलने से खाली हाथ लौट आए। दूसरी कोशिश में 12-13 अक्टूबर को उन्होंने रामसिंहपुर और विजयनगर के बीच ट्रैक पर दो टाइम बम लगाए, लेकिन तार टूटने और तकनीकी खराबी के कारण धमाका नहीं हुआ। इस पर पाकिस्तानी हैंडलर ने उन्हें कड़ी फटकार भी लगाई। तीसरी कोशिश करते हुए 30 अक्टूबर को दोनों फिर श्रीगंगानगर पहुंचे और एक होटल में रुके। उन्होंने पंजाब सीमा के पास ड्रोन के जरिए गिराया गया विस्फोटक उठाया। 1 और 2 नवंबर को नाकाम रहने के बाद, 3 नवंबर की शाम 50 जीबी गांव के पास टाइम बम फिट कर वे पंजाब भाग निकले।

पाक ऑर्डनेंस फैक्ट्री के कारतूस और विदेशी पिस्तौल बरामद

एटीएस ने 5 लाख से अधिक मोबाइल डेटा रिकॉर्ड और 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद अमृतसर सीआई सेल और गुरदासपुर पुलिस की मदद से दोनों को कलानौर क्षेत्र से दबोच लिया। उनके पास से 30 हजार रुपये नकद, दो विदेशी पिस्तौल और ‘पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री’ की मुहर लगे 40 कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

तलाकशुदा महिलाओं और सीमावर्ती जिलों को बना रहे निशाना

एडीजी दिनेश एम.एन. ने खुलासा किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद शहजाद भट्टी नाम का हैंडलर सक्रिय हुआ है, जो पैसों और ऑनलाइन निर्देशों के जरिए भारतीय युवाओं को आतंकी गतिविधियों में धकेल रहा है। हैंडलर्स खासतौर पर तलाकशुदा या अकेली महिलाओं को प्यार और पैसे का झांसा देकर निशाना बना रहे हैं (इससे पहले बबीता नाम की एक अन्य महिला को भी इसी पैटर्न पर गिरफ्तार किया गया था)। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पंजाब के गुरदासपुर, तरनतारन और फाजिल्का की राजस्थान के श्रीगंगानगर से भाषाई और पारिवारिक समानता होने के कारण पाकिस्तानी हैंडलर्स को स्थानीय संपर्क बनाने में आसानी हो रही है। फिलहाल एटीएस उस कैब ड्राइवर से भी पूछताछ कर रही है जिसने आरोपियों को इलाके में घुमाया था, जबकि दोनों आरोपियों के परिजनों ने इस पूरी घटना से अनभिज्ञता जताते हुए गहरा सदमा व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here