भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने पर भी नही बना स्कुल भवन
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बुदबुदा के हुडक़ी टोला स्थित प्राथमिक शाला पिछले करीब पांच वर्षों से भवनविहीन है। वर्ष २०२१ में जर्जर होने के कारण पुराने स्कूल भवन को ध्वस्त कर दिया गया था। जिसके बाद से विद्यालय का संचालन परिसर स्थित आंगनवाड़ी के एकमात्र कमरे में किया जा रहा है। यहां कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के साथ आंगनवाड़ी के बच्चे भी बैठकर अध्ययन करते हैं। ऐसे में स्कूल भवन निर्माण की स्वीकृति कागजों तक ही सीमित रह गई है और नौनिहालों को अव्यवस्थाओं के बीच शिक्षा ग्रहण करनी पड़ रही है।
जर्जर होने पर ध्वस्त किया गया था स्कूल भवन
प्राप्त जानकारी के अनुसार हुडक़ीटोला में प्राथमिक शाला का संचालन किया जाता है। यह स्कूल का भवन वर्ष २०२१ के आसपास अत्यधिक जर्जर होने के कारण उसे डिस्मेंटल कर ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद से विद्यालय का संचालन परिसर में स्थित आंगनवाड़ी भवन के एकमात्र कमरे में किया जा रहा है। शुरुआत में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में शुरू हुआ यह इंतजाम अब करीब पांच वर्ष बाद भी जारी है। जिला पंचायत बालाघाट के माध्यम से करीब चार वर्ष पूर्व नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। लेकिन निर्माण के लिए आवश्यक राशि का आवंटन अब तक नहीं हो पाया है। नतीजतन भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका और विद्यार्थी आज भी वैकल्पिक व्यवस्था में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत और कलेक्टर तक शिकायत की जा चुकी है लेकिन समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र राशि आवंटित कर नवीन स्कूल भवन का निर्माण प्रारंभ कराने की मांग की है ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
एक ही कमरे में स्कूल और आंगनवाड़ी का संचालन
विडंबना यह है कि आंगनवाड़ी भवन के एक ही छोटे से कमरे में प्राथमिक शाला की कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के साथ आंगनवाड़ी के बच्चे भी बैठते हैं। सीमित जगह में अलग अलग कक्षाओं के बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाई कराना शिक्षकों के लिए भी चुनौती बना हुआ है। बच्चों की बैठक व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण पठन पाठन प्रभावित होने की स्थिति बनी रहती है। वहीं आंगनवाड़ी केंद्र में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से संबंधित गतिविधियां और विभिन्न विभागीय कार्यक्रम भी समय समय पर आयोजित होते हैं जिससे एकमात्र कमरे की उपलब्धता और उपयोग को लेकर परेशानी बढ़ जाती है। वहीं इस भवन की स्थिति भी धीरे धीरे खराब होती जा रही है।
स्कूल भवन जर्जर होने से एक ही कमरे में स्कूल और आंगनबाड़ी लग रही-ओपल राहगंडाले
ग्रामीण ओपल राहगंडाले ने बताया कि स्कूल जर्जर होने से सत्र २०२१ में ध्वस्त कर दिया गया आंगनबाड़ी के एक कमरे में स्कूल और आंगनबाड़ी लग रही है। समय पर स्कूल भवन तोड़ दिया गया अन्यथा वह गिर सकता था अब आंगनवाड़ी भवन भी सिपेज आने लगा है बारिश में सभी ने देखा है। स्कूल भवन की स्वीकृति ४ वर्ष पहले मिली थी अभी तक राशि नहीं आई है इसके लिए १८१ पर भी शिकायत किये थें कुछ हुआ नहीं एक रूम में सभी बच्चे बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। शिक्षा प्रभावित हो रही है क्योंकि आंगनबाड़ी के भी अपने कार्यक्रम होते हैं एक तरफ सरकार शिक्षा पर ध्यान देने बोलती है और यहां पर खुद ध्यान नहीं दे रही है। इसकी शिकायत पालकों ने कई बार किया हैं कुछ नहीं हुआ हम यही चाहते कि जल्द निर्माण हो नए सत्र में बच्चों को उनका स्कूल मिले।
आंगनवाड़ी और स्कूल एक ही कमरे में संचालित होने से बच्चों की पढाई प्रभावित हो रही है-वंदना मेश्राम
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वंदना मेश्राम ने बताया कि आंगनवाड़ी और स्कूल एक ही कमरे में संचालित हो रहा है थोड़ी तकलीफ तो होती है। एक कमरे में पूरे बच्चे बैठे हैं पढ़ाई करवाने में भी समस्या होती है क्योंकि हमारे छोटे बच्चे हैं जिन्हें अनौपचारिक शिक्षा देनी होती है। वहीं मंगलवार को गर्भवती महिला धात्री महिलाएं भी आती है विभागीय कार्यक्रम भी हमें करने होते हैं बैठने उठने में अव्यवस्था बनी रहती है स्कूल भवन २०२१ से नहीं है।
अव्यवस्था के बीच दी जा रही बच्चों को शिक्षा-शारदा राणा
प्राथमिक शिक्षिका शारदा राणा ने बताया कि यहां पर बहुत ज्यादा अव्यवस्था के बीच एक कमरे में आंगनबाड़ी के साथ स्कूल की कक्षा १ से ५वीं तक के बच्चे बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। जिससे बार बार व्यवधान…







































