मिरेगांव में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई भगवान सहस्त्रबाहु जयंती

0

हवन-पूजन, दीपावली मिलन समारोह, वरिष्ठजनों, मेधावी विद्यार्थियों और भूतपूर्व जनप्रतिनिधियों का किया गया सम्मान

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग ५ किमी. दूर ग्राम पंचायत मिरेगांव के हनुमान मंदिर चौक में डहरवाल कलार समाज के तत्वाधान में सोमवार को राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु जयंती और दीपावली मिलन समारोह का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के आराध्य देव भगवान सहस्त्रबाहु की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास और श्रध्दा के साथ मनाई है। यह कार्यक्रम डहरवाल कलार समाज के पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। जिसमें सर्वप्रथम उपस्थितजनों ने आराध्य देव भगवान सहस्त्रबाहु के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। जिसके बाद विविध धार्मिक अनुष्ठान एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर पंडित राधेश्याम शुक्ला द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान सहस्त्रबाहु की पूजा-अर्चना संपन्न करवाई गई तत्पश्चात वैदिक मंत्रों के बीच हवन-पूजन प्रारंभ हुआ, जिसमें उपस्थितजनों ने हवन-कुंड में पुर्णाहुति डालकर क्षेत्र की सुख-शांति, प्रगति व समृध्दि की मंगल कामना की। वहीं धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

दीपावली मिलन पर जमकर की गई आतिशबाजी

धार्मिक आयोजनों के संपन्न होने के बाद शाम में दीपावली मिलन समारोह कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर बच्चों, युवाओं और उपस्थितजनों ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दुसरे को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी। इस आतिशबाजी के रंगों और रोशनी से पूरा परिसर दीपों के पर्व की जीवंत मिसाल पेश कर रहा था, जिससे सभी के चेहरों पर एक अलग ही उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी। इस समारोह के दौरान समाज के उत्थान, प्रेरणा और प्रोत्साहन के लिए विभिन्न सम्मान समारोह आयोजित किये गये। इस अवसर पर समाज के ७० वर्ष से अधिक आयु वाले वरिष्ठजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उन्हें समाज का मान-सम्मान महसूस हुआ। वहीं शैक्षणिक सत्र २०२५-२६ में पांचवीं, आठवीं, दसवीं और बारहवीं कक्षा में ७५ प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले डहरवाल कलार समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं का शैक्षणिक उत्साहवर्धन हुआ। इसके अलावा समाज के मान को बढ़ाने वाले भूतपूर्व सरपंचों को उनके कार्यकाल और समाजसेवा के कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस कड़ी में कलार समाज के भूतपूर्व सरपंच देवराम चन्द्रवार, प्रशांत चन्द्रवार और श्रीमती ईमलादेवी तिलकचंद चन्द्रवार का भी सम्मान किया गया।

शासकीय सेवानिवृत्त एवं सेवारत कर्मचारियों का अभिनंदन

सहस्त्रबाहु जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में समाज की उन विभूतियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने अपनी शासकीय सेवाओं के माध्यम से समाज का नाम रोशन किया है। जल संसाधन विभाग से सेवानिवृत्त हुए द्वारकाप्रसाद चन्द्रवार, शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए तिलकचंद चन्द्रवार और कन्हैयाकुमार चन्द्रवार तथा वन विभाग से सेवानिवृत्त हुए सुरेंद्रकुमार चन्द्रवार का शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस तरह विभिन्न विभागों की शासकीय सेवाओं में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे कलार समाज मिरेगांव के २४ कर्मचारियों का भी सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया गया। शासकीय सेवाओं में कार्यरत इन कर्मचारियों की उपलब्धि से पूरे समाज का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। वहीं कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस भगवान सहस्त्रबाहु जयंती, दीपावली मिलन , सम्मान समारोह कार्यक्रम के इस गरिमामयी और भव्य आयोजन ने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे, एकजुटता और संस्कारों के आदान-प्रदान का एक नया और प्रेरणादायी संदेश दिया है। साथ ही सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने सभी को संगठित होकर समाजोत्थान के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने प्रेरित किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here