दमुआ के सरकारी अस्पताल में नॉर्मल डिलीवरी के दौरान प्रसूता के शरीर में सैनेटरी पैड छोड़ने का गंभीर आरोप लगा है।
छिंदवाड़ा: जिले के जुन्नारदेव अंतर्गत दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अस्पताल के प्रसव विभाग में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर्स पर डिलीवरी के दौरान कथित तौर पर प्रसूता के शरीर में सैनेटरी पैड छोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है और स्थानीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर मामला तूल पकड़ने के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर भी जांच तेज कर दी गई है
प्रसूता को झेलनी पड़ी असहनीय पीड़ा
शिकायतकर्ता सतीश यदुवंशी द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक, वह अपनी पत्नी शिखा को प्रसव के लिए 11 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे दमुआ अस्पताल लेकर आया था। डॉक्टरों और स्टाफ द्वारा सामान्य डिलीवरी कराई गई थी, लेकिन आरोप है कि प्रक्रिया के दौरान लापरवाही बरतते हुए प्रसूता के शरीर के अंदर सैनेटरी पैड छोड़ दिया गया। इसके बाद प्रसूता को लगातार अत्यधिक दर्द और शारीरिक तकलीफों का सामना करना पड़ा। घर जाने के बाद जब असहनीय पीड़ा बढ़ने लगी और परिजनों ने पुनः जांच कराई, तब जाकर इस पूरी स्थिति का खुलासा हुआ। पीड़ित परिवार ने इस अमानवीय लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बीएमओ को दी गई लिखित शिकायत
घटना से आहत होकर शिकायतकर्ता सतीश यदुवंशी ने 14 नवंबर को जुन्नारदेव के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) को लिखित शिकायत सौंपकर ड्यूटी पर मौजूद दोनों नर्सिंग ऑफिसर्स पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। इसके बाद 17 नवंबर को यह पूरा मामला सोशल मीडिया और विभिन्न इंटरनेट ग्रुप्स की मुख्य सुर्खी बन गया। वहीं, दूसरी ओर लापरवाही के इन गंभीर आरोपों से घिरी दोनों नर्सिंग ऑफिसर्स ने अपनी सफाई में इन सभी दावों को सिरे से खारिज किया है। उनका तर्क है कि प्रसूता शिखा की डिलीवरी पूरी तरह से नॉर्मल और स्वस्थ माहौल में हुई थी, जिसमें किसी प्रकार की कोई जटिलता नहीं आई थी। स्टाफ का कहना है कि 13 नवंबर को प्रसूता को अस्पताल से पूरी तरह स्वस्थ स्थिति में छुट्टी दी गई थी, और वह अपने परिजनों के साथ बिना किसी शिकायत के घर गई थी। उनका कहना है कि नॉर्मल डिलीवरी के दौरान इस तरह की तकनीकी स्थिति बनना पूरी तरह से असंभव है।
विभाग ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मामले के तूल पकड़ने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य प्रशासन हरकत में आ गया है। बीएमओ जुन्नारदेव ने शिकायत मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से मामले की जांच बैठा दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। मामले में आरोपित नर्सिंग ऑफिसर सुजाता रुपाली ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। विभाग की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि यदि जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।










































