बालाघाट। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम छोटी कुम्हारी में पत्नी को लेने पहुंचे एक युवक ने सास और साली द्वारा पत्नी को साथ भेजने से मना करने पर मानसिक तनाव में आकर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर युवक स्वयं मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचा। युवक राहुल दमाहे पिता प्रहलाद दमाहे 25वर्ष ग्राम कायदी थाना वारासिवनी निवासी हैं जिसे जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कर उसका उपचार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल दमाहे बेल्डिंग का काम करता है और इसके अलावा वह परिवार के साथ खेती-किसानी भी करता है। उसकी पत्नी कविता दमाहे दीपावली के पहले अपने मायके ग्राम छोटी कुम्हारी चली गई थी।बताया जाता है कि 18 नवंबर को दोपहर में राहुल अपनी पत्नी को लेने ससुराल छोटी कुम्हारी पहुंचा था। शाम करीब 5:30 बजे राहुल की सास सैवंता नगपुरे और साली सविता ने कविता को उसके साथ भेजने से मना कर दिया। जबकि कविता राहुल के साथ जाने के लिए तैयार थी। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। पत्नी को साथ नहीं भेजने से आहत राहुल ने मानसिक तनाव में आकर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया।दवा का सेवन करने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर राहुल स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचा। यहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल पुलिस ने युवक के बयान दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई के लिए प्रकरण कोतवाली थाना भेज दिया है।










































