परिसीमन बिल को किन शर्तों पर सपोर्ट करेगी DMK? स्टालिन ने खुद रुख कर दिया साफ

0

डीएमके परिसीमन (Delimitation) को संसद के अंदर क्यों सपोर्ट कर सकती है और उसकी क्या शर्तें हैं, इसे लेकर पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन ने अपना रुख साफ कर दिया है।

नई दिल्ली, 27 सितंबर: तमिलनाडु में परिसीमन (Delimitation) को लेकर राजनीतिक बहस के बीच डीएमके प्रमुख और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राज्य के हितों को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जाती है, तब भी संसद में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए। स्टालिन ने यह भी मांग की है कि 1971 की जनगणना के आधार पर तय राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए।

स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि डीएमके इन दोनों मांगों पर आज भी मजबूती से कायम है और आगे भी अपने रुख में कोई बदलाव नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि तमिलनाडु के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

‘तमिलनाडु की हिस्सेदारी 7.18% से कम नहीं होनी चाहिए’

एमके स्टालिन ने कहा कि यदि संसद में निर्वाचन क्षेत्रों की कुल संख्या बढ़ाई जाती है, तो भी तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी किसी भी परिस्थिति में कम नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि लोकसभा में राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का जो अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित किया गया था और जिसे बाद में स्थिर कर दिया गया, उसे अगले 25 वर्षों तक बनाए रखा जाना चाहिए।

डीएमके प्रमुख के मुताबिक, उनकी पार्टी इन दोनों शर्तों पर अडिग है। उन्होंने कहा कि मीडिया में फैलाए जा रहे कयास और पार्टी के विरोधियों की आलोचना से डीएमके का रुख प्रभावित नहीं होगा।

परिसीमन को लेकर क्यों उठ रही है बहस?

परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं तथा उनके प्रतिनिधित्व का पुनर्निर्धारण करना है। इसका उद्देश्य जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं के प्रतिनिधित्व को संतुलित करना होता है। भारत में लोकसभा सीटों के राज्यों के बीच आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण को लेकर 1971 की जनगणना के बाद से संवैधानिक प्रावधानों के तहत रोक लागू रही है। इस व्यवस्था का मकसद उन राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखना भी रहा, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों में बेहतर प्रदर्शन किया।

दक्षिण भारत के कई राज्यों की चिंता है कि भविष्य में जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने पर उत्तर भारत के अधिक आबादी वाले राज्यों की लोकसभा सीटें बढ़ सकती हैं। इससे संसद में दक्षिण भारतीय राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी का अनुपात घटने की आशंका पैदा हो सकती है।

ये भी पढ़ें–परिसीमन विधेयक: संसद में फिर बिछी गणित की बिसात, किसके सहारे होगी सरकार की नैया पार?

‘तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं’

स्टालिन ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि डीएमके तमिलनाडु के हितों की रक्षा के मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही अटकलें और विरोधियों की बयानबाजी पार्टी के रुख को नहीं बदल सकती।

उनका यह बयान परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों की चिंताओं और केंद्र के सामने रखी जा रही राजनीतिक मांगों के बीच आया है। डीएमके की मांग है कि लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने की स्थिति में भी राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात सुरक्षित रखा जाए, ताकि तमिलनाडु की संसदीय हिस्सेदारी प्रभावित न हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here