देश भर में कोरोना महामारी अपने विकराल रूप में है। शिक्षा विभाग के अब तक प्रदेश में 400 से अधिक शिक्षक कोरोना की भेंट चढ़ चुके हैंं। वही अकेले जबलपुर जिले में अब तक 20 से अधिक शिक्षकों की कोरोना से मौत हो गई है। शहपुरा विकासखंड के प्राथमिक शिक्षक विश्वास गर्ग का तो पूरा परिवार ही उजड़ गया। पहले शिक्षक के पिता, फिर माता और अंत मे स्वयं शिक्षक विश्वास गर्ग भी कोरोना के प्रकोप से बच न सके।हालात ये है कि भरे पूरे परिवार में अब केवल शिक्षक की पत्नी और दो छोटे बच्चे इस आपदा को झेल रहे है।राज्य शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री से अपील की कि कोरोना से मृत शिक्षकों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने का विशेष अभियान चलाया जाए।Ads by Jagran.TV
20 शिक्षक मृत, परिवार सड़क पर- राज्य शिक्षक संघ जबलपुर के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी ने जारी प्रेस नोट में बताया कि अब तक जिले के 20 शिक्षक कोरोना से मृत हो चुके है।जिनमे से अनेक कोरोना रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा लगाई गई डयूटी के दौरान संक्रमित हुए पर सरकार द्वारा शिक्षक संवर्ग को कोरोना योद्धा का दर्जा न मिलने के कारण कोई आर्थिक लाभ नही मिला। हालात ये है कि आश्रित परिवार आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है।
तत्काल मिले अनुकंपा:- राज्य शिक्षक संघ जबलपुर ने प्रदेश सरकार से मांग की कि पूर्व के मृत और वर्तमान में कोरोना से मृत शिक्षक संवर्ग के आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने का समयसीमा का विशेष अभियान चलाकर नियुक्ति प्रदान की जाए।
कोरोना का शिकार बने शिक्षक इसलिए नतीजे जारी करने में होगी देरी: जिले के सरकारी स्कूलों की कक्षा 9वीं व 11वीं के परीक्षा परिणाम अब 15 मई तक आएंगे। वजह कोरोना संक्रमण है। नतीजे तैयार करने वाले ज्यादातर शिक्षक कोरोना की चपेट में आ गए है ऐसे में काम की गति प्रभावित हुई है। पहले नतीजों को 30 अप्रैल तक घोषित करना था लेकिन स्थिति का आंकलन करने के बाद आयुक्त जयश्री कियावत ने इसे 15 मई को घोषित करने का आदेश जारी किया है। जिसमें स्कूलों के प्राचार्यों से 15 मई तक रिजल्ट घोषित करने कहा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया, कि कोरोना का असर कम नहीं हो रहा है। लगातार शिक्षक भी इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। इस वजह से कम कर्मचारियों के साथ काम करना पड़ रहा है। ऐसे में टेस्ट व अर्द्धवार्षिक परीक्षा के आधार पर रिजल्ट तैयार करने में वक्त लग रहा है। इसे ध्यान में रखकर ही रिजल्ट घोषित करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय स्कूलों को दिया गया है। इस बार विभाग ने 10वीं व 12वीं की तरह 9वीं व 11वीं का परीक्षा परिणाम भी आनलाइन प्रदर्शित करने की योजना बनाई है।









































