World Population Day 2021: आज विश्व जनसंख्या दिवस है। भारत में इन दिनों जनसंख्या का मुद्दा लगातार चर्चा का विष्य बना हुआ है। हालांकि इसकी वजह विश्व जनसंख्या दिवस नहीं बल्कि जनसंख्या से जुड़ा कानून है। भारत के सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले राज्य उत्तर प्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की बात हो रही है। भारत के अलावा भी दुनिया के कई देश ज्यादा जनसंख्या से परेशान हैं। हालांकि कुछ देश ऐसे भी हैं, जहां की जनसंख्या बहुत ही कम है। आज हम आपको उन्हीं देशों के बारे में बता रहे हैं, जहां की जनसंख्या बहुत कम है।
वेटिकन सिटी की आबादी 1 हजार से भी कम
दुनिया में सबसे कम जनसंख्या वाला देश वेटिकन सिटी है। यहां लगभग 900 लोग रहते हैं। क्षेत्रफल के हिसाब से भी वेटिकन सिटी काफी छोटा देश है। यह देश सिर्फ 0.44 स्कवायर किलोमीटर में बसा हुआ है।
छोटे से आइलैंड में बसा है तुवालू
सबसे कम जनसंख्या के मामले में वेटिकन सिटी के बाद तुवालू का नाम आता है। यह एक आइलैंड है, जो पोलिनेशिया में सेंट्रल पैसिफिक में है। यहां सिर्फ करीब 11 हजार लोग रहते हैं। तुवालू का क्षेत्रफल 26 स्कवायर किलोमीटर है।
नौरू की कुल आबादी है 12 हजार
प्रशांत महासागर में स्थित एक द्वीप में नौरू देश बसा है। यहां का क्षेत्रफल सिर्फ 21 वर्ग किलोमीटर है। 2016 की गणना के अनुसार यहां 12 हजार लोग रहते हैं।
पलाउ में रहते हैं 21 हजार लोग
प्रशांत महासागर में 340 आईलैंड को मिलाकर एक देश बना है, जिसका नाम है पलाउ। यह द्वीपों का एक समूह है, जहां कि जनसंख्या करीब 21 हजार है। पर्यटन की दृष्टि से ये देश काफी लोकप्रिय है।
सैन मारीनो है दुनियां का पांचवा सबसे छोटा देश
यूरोप का सबसे पुराना देश माना जाने वाला सौनी मारीनो विश्व का पांचवा सबसे छोटा देश भी है। यह देश 61 वर्ग किलोमीटर में फैला है और यहां की जनसंख्या करीबन 33,203 है।
मोनैको की आबादी महज 37 हजार
भारत में लोग मोनैको का नाम जरूर जानते हैं, लेकिन देश के तौर पर नहीं बल्कि एक बिस्किट के नाम से। हम आपको बता दें कि इस नाम का एक देश भी है, जो फ्रांस और इटली के बीच समुद्र किनारे बसा हुआ है। यहां की जनसंख्या करीब 37 हजार है।










































