मुंबई में लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश इतनी ज्यादा मूसलाधार है कि कई जगह पानी भर गया है। मुंबई से कई तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें देखा जा सकता है कि सडकों पर किस तरह पानी भर गया है। सायन रेलवे स्टेशन की तस्वीरें सामने आई हैं, जहां देखा जा सकता है कि पूरा ट्रैक पानी से भर गया है, पटरियां दिखाई नहीं दे रही हैं। मुंबई में लगातार बारिश के कारण सेंट्रल मेन लाइन और हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई। कुछ जगह हादसे भी हुए हैं, जिनमें लोगों की मौत हो गई है।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) का कहना है कि भूस्खलन के कारण चेंबूर के भारत नगर इलाके में कुछ झोंपड़ियों पर दीवार गिरने से 17 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ इंस्पेक्टर राहुल रघुवंश ने कहा, ‘एनडीआरएफ ने मलबे (मुंबई के चेंबूर में) से दो शव बरामद किए हैं। एनडीआरएफ कर्मियों के आने से पहले स्थानीय लोगों ने 10 शव बरामद किए।’ 5 और शव बरामद किए गए हैं, 2 घायल हुए थे।