महू निवासी एक विवाहित महिला की इंटरनेट मीडिया फेसबुक पर एक शादीशुदा मुस्लिम युवक से दोस्ती हो गई थी। इसके बाद दोनों अजमेर जा रहे थे। हिंदूवादी संगठन के सदस्यों ने दोनों को ट्रेन से उतारकर जीआरपी को सौंप दिया। महिला व युवक के बालिग होने के कारण पुलिस ने दोनों को स्वजन को थाने बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बताया कि महू निवासी विवाहित महिला की कुछ समय पूर्व इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों गुरुवार रात शादी के लिए अजमेर जा रहे थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदूवादी संगठन के सदस्यों ने ट्रेन से दोनों को उतारकर थाने ले गए थे। हिंदूवादी संगठन के सदस्यों ने युवक को पीटा भी।
बीमारी का कहकर मायके गई थी
पुलिस के अनुसार महिला महू के ही एक स्कूल में अकाउंटेंट है, उसकी दो वर्ष पहले शादी हुई थी। तीन दिन पहले महिला अपने पति से बीमारी का बहाना बनाकर मायके चली गई थी। यहां से वह मुस्लिम युवक के साथ अजमेर जाने के लिए ट्रेन में सवार हो गई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों बालिग हैं तथा अपनी मर्जी से अजमेर जा रहे थे। इस कारण पुलिस ने महिला को उसके माता-पिता को सौंप दिया है। वहीं युवक को भी थाने से छोड़ दिया गया है।










































