इंदौर में पहली बार शहर महिला कांग्रेस में दो अध्यक्ष, सामाजिक कार्यकर्ताओं को सौंपी कमान

0

महिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की घोषणा शनिवार को कर दी गई। इंदौर शहर और जिले की महिला कांग्रेस की कमान नए चेहरों को सौंपी गई है। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल ने नया प्रयोग करते हुए पहली बार शहर महिला कांग्रेस में दो अध्यक्षों की नियुक्ति की है। जया तिवारी और साधना भंडारी को शहर महिला कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में रीना बौरासी सेतिया की ताजपोशी की गई है। रीना पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू की पुत्री है जबकि शहर अध्यक्ष के दोनों नामों में सामाजिक कार्यकर्ता की छवि को संगठन के हित में भुनाने की कोशिश नजर आ रही है।

शहर में दो महिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के बाद अब तक संगठन ने इनके कार्यक्षेत्र का प्रारूप साफ नहीं किया है। हालांकि माना जा रहा है कि शहर के आधे-आधे वार्डों को दोनों अध्यक्षों में बांटा जाएगा।। शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बने दोनों नाम सामाजिक संगठनों से ताल्लुक रखते हैं। जया तिवारी ब्राह्मण समाज से जुड़ी संस्था ब्रह्म समागम की अध्यक्ष है और चार नंबर विधानसभा से संबंध रखती हैं। कभी भाजपा के पाले में रही तिवारी ने तीन साल पहले ही कांग्रेस का दामन थामा था। तिवारी चार नंबर विधानसभा में गाय के लिए घर-घर से रोटी और चारा इकट्ठा करने का अभियान चला चुकी हैं। कोरोना काल में मुक्तिधाम में इकट्ठा हुई दिवंगतों की अस्थियों को ओंकारेश्वर ले जाकर विसर्जन का अभियान भी चलाया था। दूसरी शहर अध्यक्ष साधना भंडारी भी लायंस क्लब से संबंध रखती हैं। भंडारी इससे पहले पांच नंबर विधानसभा के वार्ड 42 से पार्षद का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। वे महिला कांग्रेस में 15 वर्षों से अलग-अलग पदों पर सक्रिय रहीं।

गुटबाजी से ऊपर उठने की कोशिश – ताजा नियुक्तियों में एक बात खास नजर आ रही है कि महिला कांग्रेस ने कांग्रेस की गुटबाजी से ऊपर उठने की कोशिश भी की है। शहर में अध्यक्ष बनाई गईं दोनों नेत्रियों पर किसी भी नेता के गुट से जुड़े होने का ठप्पा नहीं लगा है। दूसरी ओर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाई गई रीना बौरासी सेतिया के पिता प्रेमचंद गुड्डू सांवेर विधानसभा क्षेत्र से मंत्री तुलसी सिलावट के खिलाफ चुनाव लड़े थे। गुड्डू की पराजय के बाद सांवेर क्षेत्र में रीना लगातार सक्रिय थीं। बिजली से लेकर राशन तक के मुद्दों पर लगातार विरोध प्रदर्शन करने वाली रीना को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के कयास पहले से लगाए जा रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here