सक्रिय हुआ बड़ा पश्चिमी विक्षोभ, शुरू होगा बारिश का दौर, तापमान में होगा इजाफा

0

देश के पश्चिमी हिस्से में एक बड़ा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर शुरु हो सकता है। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में ‘पश्चिमी विक्षोभ’ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की वजह से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर एक चक्रवात बन गया है। इस चक्रवात की वजह से हवाओं का रुख बदल गया है। इन हवाओं के असर से ना सिर्फ तापमान में वृद्धि होगी, बल्कि कई राज्यों में बारिश का भी अनुमान है।

कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग के मुताबिक 17 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करते ही पूरे इलाके में मौसम बदल जायेगा। जम्मू कश्मीर, लद्दाख आदि इलाकों में अगले पांच दिनों तक बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पश्चिम बंगाल, सिक्किम जैसे राज्यों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अंडमान और निकोबार में भी तीन दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर 19 फरवरी से दिखेगा। इसकी वजह से 20 से 22 फरवरी तक पूरे प्रदेश में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

यूपी पर नजर डालें तो यहां के कई जिलों में बादल छाने के साथ इस सप्ताह हल्की से मध्‍यम बारिश की संभावना है। बारिश की वजह से ठंड थोड़ी बढ़ेगी, लेकिन उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। मध्य प्रदेश में भी मौसम खराब होने की आशंका जताई जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्यप्रदेश के शहडोल, रीवा, जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।

मौसम में बदलाव से बढ़ी बीमारियां

दूसरी ओर मौसम में इस बदलाव की वजह से मौसमी बीमारियां बढ़ गई हैं। पिछले एक सप्ताह से कभी ठंडी हवाएं सर्दी बढ़ा देती हैं, तो कभी तापमान ज्यादा हो जाता है। इसकी वजह से लोगों में सर्दी-गर्मी से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं। लोग सर्दी-खांसी, एलर्जी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं और अस्पतालों में 20 से 25 फीसदी मरीज बढ़ गये हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here