हर घर तिरंगा अभियान आम जन को विक्रय के लिए कलेक्टर ने सौंपे जेएसके बैंक को 50 हजार झंडे

0

आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिले में भी 11 से 17 अगस्त 2022 तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जायेगा और इस सप्ताह के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त 2022 तक हर घर तिरंगा झंडा लगाया जायेगा। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सभी व्यक्तियों को स्वयं की राशि से तिरंगा झंडा क्रय कर अपने घर लगाना है। इसी कड़ी में आज 04 अगस्त को कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने भारत सरकार से जिले को प्राप्त तिरंगे झंडे में से 50 हजार तिरंगे झंडे आम जन को विक्रय के लिए प्रदाय किये। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर राहुल नायक, उपायुक्त सहकारिता सुश्री अंजली धुर्वे, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्रभारी सीईओ राजीव सोनी, राजेश नगपुरे, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला परियोजना समन्वयक ओमप्रकाश बेदुआ एवं मुकेश बिसेन उपस्थित थे। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के प्रभारी सीईओ राजीव सोनी ने इस अवसर पर 50 हजार तिरंगे झंडे प्राप्त करने के बाद तिरंगे झंडे के एवज में 01 लाख रुपये की राशि का चेक कलेक्टर डॉ मिश्रा को सौंपा। भारत शासन द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से विक्रय किये जाने हेतु प्राप्त राष्ट्रीय ध्वज जिस किसी भी बन्धुओं को आवश्यकता है वे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बालाघाट (काली पुतली चौक बालाघाट) से निर्धारित राशि 30 रुपये जमा कर प्राप्त कर सकते है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9644010726 पर सम्पर्क किया जा सकता है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को प्रदान किये गये 50 हजार तिरंगे झंडे में से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की सहकारी समितियों एवं उचित मूल्य दुकानों को यह तिरंगे झंडे आम जन को विक्रय के लिए उपलब्ध कराये जा रहे है। ग्रामीण जन अपने क्षेत्र की सहकारी समिति या उचित मूल्य दुकान से 13 से 15 अगस्त 2022 तक अपने घर लगाने के लिए तिरंगा झंडा क्रय कर सकते है। कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने जिले की जनता से अपील की है कि वे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त 2022 तक अपने घर तिरंगा झंडा अवश्य लगाये। तिरंगा झंडा हमारा राष्ट्रीय ध्वज है और हमारे देश की समृद्धि, एकता और विविधता को प्रदर्शित करता है। तिरंगा झंडा राष्ट्र के प्रति लगाव एवं देशभक्ति की प्रेरणा देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here