नेपाल के बागमती राज्य के नुवाकोट जिले के बेलाकोटगदी के आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर 5.3 तीव्रता का भूकंप अनुभव किया गया है। देश के नेशनल अर्थक्वेक एंड मॉनिटरिंग रिसर्च सेंटर (एनईएमआरसी) ने शनिवार को ये जानकारी दी है। एक ट्वीट में नेशनल अर्थक्वेक एंड मॉनिटरिंग रिसर्च सेंटर (एनईएमआरसी) ने कहा कि नुवाकोट जिले के बेलकोटगदी के आसपास 05:26 बजे 5.3 तीव्रता का भूकंप आया है।
एक खबर के मुताबिक भूकंप के ये झटके सतह से 10 किमी. की उथली गहराई पर दर्ज किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार भूकंप से जानमाल के किसी नुकसान की कोई खबर नहीं थी। कई लोगों ने भूकंप के केंद्र के क्षेत्र में धरती में हल्के कंपन को महसूस किया। भूकंप के केंद्र से 33 किमी. दूर मौजूद कीर्तिपुर में इसके कमजोर झटके महसूस किए गए। इसके साथ ही काठमांडू और पाटन में भी भूकंप के झटके महसूस हुए। भूकंप के केंद्र के पास के अन्य शहरों में भी भूकंप के बहुत कमजोर झटके महसूस किए गए हैं। गौरतलब है कि नेपाल में हाल के दिनों में भूकंप के कई झटके महसूस किए गए हैं। इनका असर भारत में नेपाल के पड़ोसी राज्यों में भी महसूस किया गया है।










































