देश में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 16167 नए केस सामने आए हैं। हालांकि एक दिन पहले के मुकाबले नए मरीजों की संख्या कम है। लेकिन डेली पॉजिटिविटी दर 6.14 फीसदी पर पहुंच गई है। इस दौरान 15,549 मरीज़ कोरोना से ठीक भी हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक एक्टिव मरीजों की संख्या अब 135510 पर पहुंच गई है। दिल्ली में रविवार को कोविड-19 के 2,423 नए मामले सामने आए और संक्रमण दर 14.97 प्रतिशत दर्ज की गई है। यह संख्या 22 जनवरी के बाद से सबसे ज्यादा है।
वहीं संक्रमण की वजह से दो और व्यक्तियों की मौत हो गई। 22 जनवरी को, संक्रमण दर 16.4 प्रतिशत थी। यह लगातार पांचवां दिन है, जब दैनिक मामलों की संख्या 2,000 से ऊपर रही है। लगातार सात दिनों से संक्रमण दर 10 फीसदी से ऊपर बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि रविवार को नए मामले पिछले दिन किए गए 16,186 कोविड-19 जांच से सामने आए। कोविड-19 के नए मामलों के साथ ही दिल्ली में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 19,69,527 हो गई है, जबकि मृतकों की संख्या 26,330 हो गई है।
दिल्ली में एक्टिव मामलों की संख्या 8,048 है, जो पिछले दिन 7,349 थी। बुलेटिन में कहा गया है कि 5,173 मरीज घर पर क्वारंटीन हैं। महाराष्ट्र में रविवार को कोविड-19 के 1,812 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 80,59,732 हो गई। वहीं, संक्रमण से एक व्यक्ति की मृत्यु होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,48,139 हो गई है। एक दिन पहले महाराष्ट्र में कोविड-19 के 1,931 मामले आए थे और नौ मरीजों की मृत्यु हुई थी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में बीए.2.75 के 16 मरीज और बीए.4 के तीन और उसके वेरिएंट के 5 मरीज मिले हैं।बीए.4 और बीए.5 रोगियों की संख्या बढ़कर 275 और बीए.2.75 रोगियों की संख्या 250 हो गई है। महाराष्ट्र में वर्तमान में 12,011 उपचाराधीन मरीज हैं।
जम्मू कश्मीर में रविवार को कोविड-19 के 708 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,69,749 हो गई। ओडिशा में रविवार को कोविड-19 के 730 नए मामले मिले और दो मरीज़ों ने दम तोड़ दिया। ओडिशा के स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक,राज्य में नए मामलों के साथ अब तक संक्रमित हुए मरीज़ों की संख्या 13,18,875 तक पहुंच गयी। रविवार को सामने आए मामलों में 130 बच्चे शामिल हैं। इसमें कहा गया है कि वहीं दो मरीज़ो की मौत के बाद मृतकों की आंकड़ा 9,148 तक पहुंच गया। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में सबसे अधिक 157 मामले मिले हैं। इसके बाद खुर्दा जिले में 96 मरीज़ सामने आए।










































