केरल के करीपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो साल पहले हुई एअर इंडिया एक्सप्रेस विमान दुर्घटना में बचे लोगों और जान गंवाने वाले लोगों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे के बाद बचाव अभियान चलाने वाले स्थानीय लोगों के सम्मान में अस्पताल भवन बनाने के लिए 50 लाख रुपए एकत्र किए हैं। इस पैसे से एयरपोर्ट के नजदीक सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनाने के लिहाज से इमारत का निर्माण किया जाएगा।
इन परिवारों ने पीएचसी की इमारत के निर्माण के लिए, हादसे के बाद खुद को मिले मुआवजे में से यह धनराशि एकत्रित की है। इमारत के निर्माण का मकसद घटना वाली रात साहसिक बचाव अभियान चलाने वालों के प्रति आभार व्यक्त करना है। मालाबार डेवलपमेंट फोरम (एमडीएफ) के तहत गठित एक कार्यबल ने दुर्घटना की दूसरी बरसी पर 7 अगस्त को पीएचसी के लिए भवन के निर्माण को लेकर जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) के साथ एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इस अस्पताल में एक भर्ती रोगी वार्ड, एक दवाखाना और एक प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। एमडीएफ के अध्यक्ष अब्दुरहिमन एडक्कुनी ने बताया कि कार्यबल में जीवित बचे लोग और 184 यात्रियों के परिवार के सदस्य शामिल हैं। उन्होंने अस्पताल भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए का योगदान दिया है। उन्होंने कहा दुर्घटना वाली रात, निकटतम अस्पताल लगभग आठ किलोमीटर दूर था। दुर्घटना स्थल से सिर्फ 300 मीटर की दूरी पर एक पीएचसी है, लेकिन वहां सुविधाओं की कमी है।
इसलिए फोरम ने बचाव अभियान चलाने वाले स्थानीय लोगों के लिए अस्पताल बनाने का फैसला किया है, जिन्होंने उस भयावह रात को कई लोगों की जान बचाई। यह, यात्रियों की मदद के लिए आगे आए स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का एक तरीका है। एडक्कुनी ने कहा स्वास्थ्य विभाग की मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। गौरतलब है कि 7 अगस्त, 2020 को दुबई से आया एआईए विमान यहां टेबलटॉप रनवे से आगे जाकर 35 फुट गहरी घाटी में गिर गया था। विमान में 190 यात्री सवार थे, जिनमें से पायलट और सह-पायलट समेत 18 की मौत हो गई थी।










































