चिराग-सात्विक की जोड़ी सेमीफाइनल में पहुंची , पुरुष एकल में हारे प्रणय

0

भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की युगल जोड़ी शानदार जीत के साथ ही विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंच गयी है। सात्विकसाईराज और चिराग ने जापान के ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी को क्वार्टर फाइनल में 24-22, 15-21, 21-14 से हराया। ऐसे में भारतीय टीम का कांस्य पदक लगभग पक्का हो गया है। विश्व चैंपियनशिप में यह भारत का कुल 13 वां पदक होगा। वहीं युगल मुकाबलों में यह भारत का दूसरा पदक होगा। इससे पहले साल 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की महिला युगल जोड़ी ने पदक जीता था। वहीं भारत के एच एस प्रणॉय पुरुष एकल में हार के साथ ही बाहर हो गये हैं। प्रणय को क्वार्टर फाइनल में चीन के झाओ जुन पेंग ने 19-21, 21-6, 21-18 से हराया। इसी के साथ ही एकल वर्ग में पदक की भारत की संभावनाएं समाप्त हो गयीं। इससे पहले प्रणॉय ने अपने ही देश के लक्ष्य सेन को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी थी।
सात्विकसाईराज और चिराग की 7वें नंबर की भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करके खिताब की प्रबल दावेदार ताकुरो और युगो की जोड़ी को सवा घंटे तक चले मैच के बाद हराया। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी ने पहली बार विश्व चैंपियनशिप के लिए अपना पदक तय किया है। इससे पहले भारत के ही एमआर अर्जुन और ध्रुव कपिला को इंडोनेशिया के मोहम्मद अहसान और हेंड्रा सेतियावान की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में 8-21, 14-21 से हराकर बाहर कर दिया। यह मुकाबला आधे घंटे से भी कम समय चला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here