बाघ शावक की हुई सर्जरी, हड्डी जोड़ने के किए प्रयास

0

वन विहार नेशनल पार्क में पहली बार इतनी कम उम्र के किसी बाघ शावक का आपरेशन किया है। सात महीने के जख्मी बाघ शावक का शनिवार को आपरेशन किया है। जिसमें चार पशु चिकित्सकों के दल ने शावक के कुल्हे व पैर की टूटी हुई हड्डी को जोड़ने के प्रयास किए हैं। शरीर से बाहर निकले गुदा द्वार को अंदर कर दिया है। अब शावक की हालत गंभीर बनी हुई है। पार्क में आमतौर पर दूसरे वन्यप्राणियों के आपरेशन होते रहे हैं। पूर्व में कम उम्र के तेंदुए शावकों के भी आपरेशन हो चुके हैं।बता दें कि छिंदवाड़ा सामान्य वन मंडल के जंगल में गुरुवार को शावक कुएं में गिर गया था। जिसे स्थानीय अमले ने निकाला था। कुएं में गिरने के कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हुआ था। छिंदवाड़ा वन विभाग का एक दल शुक्रवार रात 11.30 बजे जख्मी शावक को लेकर वन विहार पहुंचा था। शावक की गंभीर हालत को देखते हुए डायरेक्टर एचसी गुप्ता ने पार्क के पशु चिकित्सक डा. अतुल गुप्ता के नेतृत्व में चार सदस्यीय चिकित्सकों के दल का गठन किया था। जिसमें पेंच व राज्य पशु चिकित्सालय के चिकित्सकों को शामिल किया गया था। सबसे पहले शावक को बेहोश कर एक्स-रे किया गया। जिसमें पता चला कि कुल्हे व पैर की हड्डियां टूटी हुई है। जबकि गुदा द्वार बाहर निकला हुआ था। आपरेशन कर गुदा द्वार अंदर कर हड्डियों को जोड़ दिया है। इस बारे में वन विहार नेशनल पार्क के डायरेक्टर एचसी गुप्ता के मुताबिक, चिकित्सकों का कहना है कि आपरेशन की पूरी प्रक्रिया में दो घंटे लगे हैं। जांच-पड़ताल का समय अलग है। वरिष्ठ पशु चिकित्सक डा. अतुल गुप्ता ने बताया कि शावक गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। शावक को बचाने की पूरी कोशिशें कर रहे हैं। उसका आपरेशन कर दिया है, स्थिति अच्छी नहीं है। देखरेख में रखा गया है। रविवार फिर से उसकी स्वास्थ्य जांच करेंगे, उसके बाद ही उसके स्वास्थ्य के बारे में कुछ कह सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here