भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और नुपुर नागर एक-दूसरे को 12-13 साल की उम्र से जानते हैं। जान-पहचान के बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों नवंबर 2017 में शादी के बंधन में बंध गए। नवंबर 2021 में नूपुर और भुवी एक बेटी के माता-पिता बने हैं। भुवनेश्वर और नुपुर की प्रेम कहानी तब शुरू हुई, जब भुवी सिर्फ एक संघर्षरत क्रिकेटर थे और रणजी क्रिकेट टीम के लिए भी नहीं खेल रहे थे। फिर भी, नुपुर ने उनके प्रेम प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया और उनके जीवन के हर अच्छे और कठिन समय में उनका साथ दिया।
भुवनेश्वर कुमार ने एक कार्यक्रम में बताया था कि नुपुर और वह एक ही कॉलोनी में रहते थे। दोनों के बीच प्यार की खबर परिवारों को नहीं थी। ऐसे में दोनों छिपकर एक-दूसरे से मिलते थे। हां, लेकिन डर बना रहता था कि कहीं कोई देख न ले। भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि पहले 3-4 साल हमारे माता-पिता को हमारे प्यार और डेटिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मैंने भी उन्हें कुछ नहीं बताया था। हिम्मत ही नहीं। उन्हें हमारे में बारे में कहीं और से पता चला था। हालांकि, यह अच्छा था कि उन्हें किसी और से इस बारे में पता चला था, क्योंकि मुझ में उन्हें खुद जाकर बताने की हिम्मत नहीं थी। भुवनेश्वर ने बताया माता-पिता के सहमत होने के बाद ही उन्होंने शादी की। उन्होंने बताया कि नुपुर सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनके माता-पिता से पहले उन्होंने ही भुवी का इंटरव्यू ले लिया था। भुवी ने कहा कि मैंने उनसे कहा कि मैं क्रिकेट खेलता हूं। इस पर वह बोलीं कि वो तो ठीक है, लेकिन जॉब क्या करोगे?
इस पर भुवनेश्वर ने कहा कि मैंने नुपुर को बड़ी मुश्किल से समझाया कि क्रिकेट ही मेरा करियर है। मैं यही काम करता हूं। मैंने नुपुर को समझाया में रणजी खेलता हूं। यह क्रिकेट में एक लेवल है और आगे अच्छा किया तो भारत के लिए भी खेल सकता हूं। भुवनेश्वर और नुपुर एक-दूसरे के पहले अच्छे दोस्त बने थे। अपने एक इंटरव्यू में नुपुर नागर ने खुलासा किया कि वे दोनों बचपन में एक-दूसरे के साथ अलग-अलग खेल खेला करते थे। हम एक ही कॉलोनी में रहते थे। ऐसे में मिलना-जुलना और खेलना-कूदना लगा रहता था। भुवनेश्वर कुमार ने नुपुर नागर को तीन बार प्रपोज किया था। इसका खुलासा भी नुपुर ने ही किया था। नुपुर ने बताया कि भुवी ने उन्हें 3 बार प्रपोज किया। पहली बार टेक्स्ट मैसेज पर, दूसरी बार कॉल पर, और तीसरी बार आमने-सामने।
नूपुर सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं। नुपुर अपने भविष्य को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त थी, लेकिन भुवी के साथ अपने रिश्ते को लेकर निश्चित नहीं थी। ऐसे में नुपुर ने भुवनेश्वर के प्रपोजल पर थोड़ा वक्त लिया, लेकिन अंत में रिश्ते के लिए हां कर दी। एक समय था जब भुवनेश्वर और नुपुर ने कई वर्षों तक एक-दूसरे के साथ लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप बनाए रखा, क्योंकि भुवी उत्तर प्रदेश की रणजी क्रिकेट टीम के लिए खेल रहे थे और देश के विभिन्न हिस्सों में अपना प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने के लिए यात्रा कर रहे थे।










































