धूम्रपान स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है, यह जानते हुए भी लोग सिगरेट नहीं छोड़ पाते हैं। समय के साथ सिगरेट्स के पैकेजिंग और ब्रांडिंग को आकर्षक बनाकर इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के प्रयास किए जाते हैं। समय के साथ तो ई-सिगरेट्स भी आ गईं। इनके जरिये लोग अब नए तरीके से धूम्रपान का आनंद लेने लगे हैं। लेकिन ये ई-सिगरेट्स भी कम खतरनाक नहीं हैं।
आपने खबरें सुनी होगी, कैसे सिगरेट पीते समय धमाका हो गया। ताजा मामला स्कॉटलैंड का है। जहां एक शख्स को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यह व्यक्ति अपनी जेब में ई-सिगरेट्स रखे हुए था। लेकिन उसे बिलकुल अंदाजा नहीं था कि इसकी वजह से उसे कितनी गंभीर चोटें आने वाली है। ये चोटें उसकी जांघों पर आई। सात अगस्त को पॉकेट में रखे इस सिगरेट में विस्फोट हुआ और उसकी जांघ को गंभीर नुकसान पहुंचा।
दरअसल, स्कॉटलैंड में रहने वाले 26 साल के ब्लेयर टर्नबुल को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट करवाया गया। बताया गया कि उसकी पैंट की जेब में रखे ई सिगरेट में विस्फोट हो गया है। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त ब्लेयर अपने पिता के साथ समय बिता रहा था। अचानक ही उसकी जेब में रखी ई सिगरेट में विस्फोट हुआ। ब्लेयर ने तुरंत अपनी पैंट उतारी, लेकिन तब तक उसकी जांघ बुरी तरह जल गई थी।










































