भरवेली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भानपुर में 35 वर्षीय व्यक्ति की नाले के पानी मे डूबने से मौत हो गई। भानपुर के वार्ड नंबर 12 निवासी राजेश पिता भाऊलाल नाने मंगलवार की दोपहर में गांव के नाले में मछली मारने के लिये गया था। चार बजे तक वापस नही आने पर लोगो द्वारा खोजबीन की गई, नाले के पास कपड़े में रखा मोबाइल बज रहा था लेकिन राजेश का कही पता नही चला। लोगो द्वारा इसकी सूचना भरवेली थाने में दी गई पुलिस अमले और ग्रामीणों द्वारा मंगलवार की शाम से ही खोजबीन शुरू की गई, देर रात तक भी कोई पता नही चल पाया।
दूसरे दिन बुधवार को सुबह से ही गांव के नाले में तलाश करना प्रारंभ कर दिया गया था। भरवेली पुलिस की मौजूदगी में एसडीईआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सुबह करीब 9.30 बजे राजेश की लाश गांव के पुराने शमसान घाट के समीप नाले से बरामद किया गया। भरवेली पुलिस द्वारा शव को जिला अस्पताल पहुचाया गया जहा शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौप दिया गया है। बताया जा रहा है कि इनके परिवार में पत्नी के अलावा एक लड़का एवं एक लड़की है।
यह घटना कैसे हुई यह अभी स्पस्ट नही हो पाया है, भरवेली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक राजेश के काका पुरन कुमार नाने ने बताया कि यह अपने परिवार का अच्छे से पालन पोषण कर रहा था। इसका किसी से विवाद नही था, उसे अच्छे से तैरना आता था फिर भी कैसे घटना हो गई समझ नही आ रहा है। ऐसा लगता है उसे चक्कर आ गया होगा जिसके चलते वह नाले में गिर गया और यह घटना हो गई।