बारिश की वजह से नगर में एक मकान धाराशाही हो गया। हालांकि इस दौरान परिवार के सदस्य सामने वाले हिस्से में थे वरना एक बड़ा हादसा घटित हो जाता। लेकिन मकान के धाराशाही होने से घर गृहस्थी का पूरा सामान दबकर खराब होने की बात कहीं जा रही है। मकान धाराशाही होने की यह घटना नगर के वार्ड नं.४ निवासी राजेन्द्र मुन्ना पटेल के साथ घटित हुई है। जिसमें करीब उन्हे दो लाख रूपये से अधिक की क्षति हुई है।
रात्री ९.३० बजे की घटना – राजेन्द्र पटेल
पद्मेश को जानकारी देते हुये राजेन्द्र पटेल ने बताया कि ६ सितंबर की रात्री ९.३० बजे की यह घटना है। उस समय वे खाना खाकर मोहल्ले में विराजे गणेश भगवान के दर्शन करने गये हुये थे। घर में उनकी पत्नी व बच्चे थे। जिन्हे यह आभास हुआ की उनका कच्चा मकान गिर सकता है तो वे सामने की तरफ जहां उनके माता पिता रहते है उस स्थान की तरफ आ गये और देखते ही देखते मकान गिर गया। मकान गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन घर गृहस्थी का पूरा सामान दीवारों के नीचे दबकर नष्ट हो गया है जिसकी वजह से उन्हे करीब दो लाख से अधिक की नुकसानी हुई है। श्री पटेल ने बताया कि इस बात की सूचना उनके द्वारा पटवारी को दे दी गई थी जिसके बाद पटवारी ने मौके स्थल का निरिक्षण कर पंचनामा कार्यवाही की है।
घर गिरने की आहट पर निकले बाहर – श्रीमती मीनाक्षी
वही श्रीमती मीनाक्षी पटेल ने बताया कि हम लोग पीछे के तरफ रहते है। जहां दो कमरे बने है। एक कमरे में हमारा रसाई घर है वही दूसरे कमरे में हम लोग सोना उठना बैठना करते है। बीती रात्री ऐसा लगा की मकान की दीवारों से कुछ आवाज आ रही है वे अपने बच्चों के साथ सामने वाले हिस्से में आ गई। अचानक बहुत तेज आवाज हुई और मकान की दीवार गिरने लगी। जिसमें उनका राशन पानी से लेकर, पलंग, फ्रीज, कूलर, टीव्ही से लेकर गृहस्थी का काफी सामान इसकी जद में आ गया जिससे उनके परिवार को काफी आर्थिक हानि हुई है।










































