टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टी20 विश्व कप से पहले अभ्यास शुरु कर दिया है। इससे खिलाड़ियों की चोटों से उबर रही भारतीय टीम को राहत मिली है। शमी ने गेंदबाजी का अपना एक वीडियो भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है। इसमें शमी पूरी रफ्तार से गेंदबाजी करते दिखे हैं। यह वीडियो उनके फार्म हाउस का दिख रहा है। उन्होंने इसके साथ लिखा है। न थके हैं पांव कभी, न ही हिम्मत हारी है। शमी को हालांकि अभी टीम में वापसी के लिए बीसीसीआई द्वारा कोरोना संक्रमण से उबरने वाले खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य किए गए कार्डियोवासक्युलर टेस्ट को पास करना होगा। शमी को टी20 विश्व कप के लिए रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर रखा गया है। भारतीय टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले ही पीठ दर्द के कारण टीम से बाहर हो गये हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि शमी अगर पूरी तरह से ठीक साबित होते हैं तो उन्हें बुमराह की जगह पर टीम में जगह मिल सकती है। शमी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय सीरीज में भी खेलने का अवसर मिल सकता है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘शमी की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्हें अब दूसरी अनिवार्य जांच से गुजरना होगा। पिछले साल टी20 विश्व कप के बाद से ही शमी ने कोई टी20 मैच नहीं खेला है , ऐसे में विश्व कप से पहले अन्हें अभ्यास के लिए कुछ मैच खेलने होंगे।’ गौरतलब है कि बीसीसीआई 9 अक्टूबर तक चोट के बाद भी टी20 विश्व कप के दल में बदलाव कर सकती है , वहीं अगर आईसीसी अनुमति देती है तो भारत को 15 अक्टूबर तक टीम में बदलाव की अनुमति रहेगी। भारतीय टीम 6 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया रवान होगी। ऐसे में शमी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया में भारतीय दल से जुड़ने के लिए कहा जा सकता है।










































