जहां पूरी दुनिया क्रिसमस पर जश्न मना रही है, वहीं आज के दिन भी रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। शनिवार को रूस ने यूक्रेन के खेरसॉन शहर पर हमला किया। इसमें 10 लोगों की मौत हुई और 68 लोग घायल हो गए। इस वक्त देश में क्रिसमस की शाम को चुकी थी।
जेलेंस्की ने हमले की तस्वीरें शेयर कीं
हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कुछ फोटोज शेयर कीं। उन्होंने कैप्शन में लिखा- यह यूक्रेन के लोगों की हकीकत है। क्रिसमस के दिन शहर के बीचोंबीच हमला हुआ। यह आतंक है। सिर्फ डर फैलाने और आनंद लेने के लिए मासूमों को मारा जा रहा है। दुनिया को देखना चाहिए कि हम किस बुराई से लड़ रहे हैं।
बता दें कि जेलेंस्की ने जो तस्वीरें पोस्ट की हैं, उनमें जलती हुई कारें, दुकानों की टूटी खिड़कियां, घायलों को ले जा रही एंबुलेंस और सड़क पर पड़ी लाशों को देखा जा सकता है।
जेलेंस्की ने वीडियो में क्रिसमस की बधाई दी
जेलेंस्की ने क्रिसमस के मौके पर एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें उन्होंने रूस से जंग के बीच दुनिया को क्रिसमस की बधाई दी है। क्लिप में जेलेंस्की ने कहा, ‘हमारे लिए इस साल के सभी त्योहार कड़वे रहे। सायरन, फायरिंग और धमाकों की आवाज के बीच क्रिसमस की घंटियां जोर से नहीं बज पाईं। हमने उम्मीद, अपनों और खुद को खो दिया।’
उन्होंने आगे कहा, ‘हमने जंग की शुरुआत को झेला। फिर हमलों, धमकियों, परमाणु ब्लैकमेल, आतंक और मिसाइल हमलों को सहा। अब हम अपने त्योहार मनाएंगे, हमेशा की तरह। हम मुस्कुराएंगे और खुश रहेंगे, हमेशा की तरह। हम बिना किसी चमत्कार की उम्मीद के इसे खुद हासिल करेंगे।
जेलेंस्की ने जंग के बाद पहली विदेश यात्रा की
जेलेंस्की हाल ही में अमेरिका के दौरे पर गए थे। इसकी प्लानिंग पूरी तरह गोपनीय थी। यह रूस से युद्ध शुरू होने के बाद उनकी पहली विदेश यात्रा थी। यहां वे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मिले। व्हाइट हाउस में जेलेंस्की का किसी हीरो की तरह स्वागत किया गया। इसी बीच बाइडेन प्रशासन ने घोषणा की कि वह यूक्रेन को 1.85 बिलियन डॉलर की सैन्य सहायता देगा।