मध्यप्रदेश में आज से शिवराज सरकार विकास यात्रा की शुरुआत करने जा रही है। 21 दिन तक चलने वाली विकास यात्रा हर विधानसभा क्षेत्र के गांव, वार्ड तक जाएगी। सीएम शिवराज सिंह चौहान आज भिंड से विकास यात्रा की शुरुआत करेंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अपने खजुराहो संसदीय क्षेत्र के कटनी में इस यात्रा में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- आज संत रविदास जयंती है। ऐसा चाहूं राज में, जहां मिलहिं सबहिं को अन्न, छोट बड़ सब सम रहें, रविदास रहें प्रसन्न। संत रविदास के चरणों में प्रणाम करते हुए उनसे प्रेरणा लेकर मप्र में भाजपा की सरकार ऐसा ही राज बनाने की कोशिश कर रही है। आज संत रविदास जयंती के कार्यक्रम हर पंचायत में हो रहे हैं। हम पूरी श्रद्धा और पूरे उत्साह के साथ संत रविदास जयंती पूरे प्रदेश में मना रहे हैं। 8 तारीख को सागर में संत रविदास महाकुंभ होगा।
गरीब कल्याण हमारा संकल्प है। आज भिंड में चंबल संभाग के तीनों जिलों के 3 लाख 77 हजार 825 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्रों का वितरण होगा। 397 करोड़ 93 लाख की राशि के भूमिपूजन और लोकार्पण होंगे। आज से प्रदेश भर में विकास यात्राएं शुरू हो रही हैं। किसी योजना से यदि कोई व्यक्ति छूट गया है, तो हम उन्हें जोड़ेंगे। जिंदगी सुरक्षित करने के लिए हम बीमा योजनाओं के फार्म भराएंगे। ये जनता की सेवा का बड़ा अभियान है। विकास का मतलब मनुष्य का भी विकास हो। आज में भिंड जा रहा हूं। प्रदेश अध्यक्ष आज कटनी में रहेंगे। अलग -अलग जिलों में अलग-अलग नेता इसमें शामिल होंगे।
अपने क्षेत्रों में यात्रा शुरू करेंगे मंत्री-विधायक
विकास यात्रा को लेकर मंत्रियों और विधायकों को यह निर्देश दिए गए हैं। अपने विधानसभा क्षेत्र के किसी रविदास मंदिर से इस यात्रा की शुरुआत करें। विकास यात्रा के उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बीजेपी के कार्यकर्ता और तमाम योजनाओं के हितग्राहियों को भी बुलाकर उनसे संवाद करें।
विकास यात्रा का शेड्यूल
इस विकास यात्रा में बीजेपी का दावा है कि एक करोड कार्यकर्ता शामिल होंगे। 21 दिनों की इस विकास यात्रा में करीब 5 करोड लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।