वारासिवनी अंतर्गत ग्राम पंचायत महँदीवाड़ा स्थित गांधी चौक में 10 अप्रैल को शासकीय होम्योपैथिक औषधालय महँदीवाड़ा के तत्वाधान में विश्व होम्योपैथी दिवस के तहत होम्योपैथी शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम होम्योपैथी डॉक्टरों की उपस्थिति में प्रारंभ किया गया। जिसमें सर्वप्रथम उपस्थित जनों के द्वारा होम्योपैथी के जनक डॉ सैमुअल हैनीमैन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। जिसके बाद उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि किस प्रकार उन्होंने होम्योपैथी का आविष्कार कर मानव जीवन के लिए एक बड़ी खोज की है। तत्पश्चात होम्योपैथी शिविर का प्रारंभ किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों सहित राहगीरों ने पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए शिविर का लाभ लिया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच अजनी किशोर तामेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर पूजा धुर्वे होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी अंजू बिसेन प्रियंका पुरोहित प्रिया बिसेन आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सी एस राय अशोक डेकाटे सहित होम्योपैथी एवं आयुर्वेदिक स्टॉप व बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे।










































