कैमरे से फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर Apple अलग रणनीति अपना सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्राइवेसी से जुड़ी चिंताओं के चलते कंपनी सामान्य फोटो और वीडियो कैप्चर की सुविधा को सीमित कर सकती है।Apple अपने वियरेबल डिवाइस कारोबार में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। कंपनी के नए CEO बनने जा रहे जॉन ट्रेनस (John Ternus) के नेतृत्व में Apple स्मार्ट ग्लास पर ज्यादा ध्यान दे सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 2027 में अपना पहला AI-पावर्ड स्मार्ट ग्लास लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। जॉन, टिम कुक (Tim Cook) की जगह 1 सितंबर से Apple के CEO का पद संभालेंगे।
Vision Pro और Siri टीमों में बड़ा फेरबदल
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए 9to5Mac ने बताया है कि Apple ने Vision Pro, Siri और सॉफ्टवेयर से जुड़ी टीमों में 200 से ज्यादा पदों में कटौती की है। इनमें करीब 100 पद Vision Pro टीम से जुड़े हैं। कंपनी के इस कदम को वियरेबल कंप्यूटिंग को लेकर उसकी बदली हुई रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। Apple का फोकस अब सिर्फ मौजूदा Vision Pro हेडसेट को आगे बढ़ाने के बजाय स्मार्ट ग्लास जैसे हल्के और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले डिवाइस पर बढ़ता नजर आ रहा है।
डिस्प्ले के बिना आएंगे Apple के AI स्मार्ट ग्लास
रिपोर्ट के अनुसार Apple के पहले स्मार्ट ग्लास में पारंपरिक डिस्प्ले नहीं दिया जाएगा। इसके बजाय इनमें कैमरा, स्पीकर और Siri आधारित Visual Intelligence जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। कैमरे की मदद से Siri यूजर के आसपास मौजूद चीजों को पहचानकर उनके बारे में जानकारी दे सकेगी।यूजर जिस चीज को देख रहा है, उसके बारे में सवाल पूछ सकता है और Siri उसके संदर्भ में जानकारी दे सकती है। इसके अलावा ग्लास सामने लिखे किसी साइन या टेक्स्ट का अनुवाद करने, किसी वस्तु की तस्वीर सेव करने और बाद में उसके लिए रिमाइंडर बनाने जैसे काम भी कर सकते हैं।
स्मार्ट ग्लास में मिलेगा ऑडियो का सपोर्ट
Apple के स्मार्ट ग्लास में बिल्ट-इन स्पीकर दिए जाने की भी उम्मीद है। इससे यूजर बिना कानों को पूरी तरह बंद किए म्यूजिक सुनने और दूसरे ऑडियो कंटेंट का इस्तेमाल कर सकेगा। यानी ये ग्लास एक तरह के ओपन-ईयर हेडफोन की तरह भी काम कर सकते हैं।
हालांकि, कैमरे से फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर Apple अलग रणनीति अपना सकती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्राइवेसी से जुड़ी चिंताओं के चलते कंपनी सामान्य फोटो और वीडियो कैप्चर की सुविधा को सीमित कर सकती है।
कई डिजाइन पर कर रही है Apple काम
Apple कथित तौर पर स्मार्ट ग्लास के कई फ्रेम डिजाइन पर काम कर रही है। इनमें बड़ा रेक्टेंगुलर फ्रेम, पतला रेक्टेंगुलर डिजाइन और अलग-अलग आकार के ओवल और सर्कुलर फ्रेम शामिल हो सकते हैं। फ्रेम में एसीटेट मटेरियल का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है। रिपोर्ट में ब्लैक, ओशन ब्लू और लाइट ब्राउन जैसे कलर ऑप्शन का भी जिक्र है। हालांकि, अंतिम डिजाइन और रंगों की जानकारी अभी आधिकारिक नहीं है।
बाद में मिल सकते हैं हेल्थ फीचर्स
Apple भविष्य के स्मार्ट ग्लास मॉडल में हेल्थ से जुड़े फीचर्स भी जोड़ने पर विचार कर रही है। इनमें हार्ट रेट मॉनिटरिंग और Apple Watch के Workout Buddy जैसे सॉफ्टवेयर फीचर्स शामिल हो सकते हैं। हालांकि, पहली पीढ़ी के स्मार्ट ग्लास में इन हेल्थ फीचर्स के मिलने की संभावना कम बताई गई है।
2027 में लॉन्च हो सकता है Apple का स्मार्ट ग्लास
Apple के स्मार्ट ग्लास को लेकर पहले भी रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं। Apple एनालिस्ट Ming-Chi Kuo के मुताबिक, कंपनी ने Vision प्रोडक्ट रोडमैप को कम करके दो स्मार्ट ग्लास प्रोजेक्ट तक सीमित किया है। इनमें डिस्प्ले-लेस AI स्मार्ट ग्लास को 2027 और डिस्प्ले वाले Augmented Reality ग्लास को 2029 में लाने की योजना बताई गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple 2027 में WWDC के दौरान स्मार्ट ग्लास पेश कर सकती है, ताकि डेवलपर्स को नए प्लेटफॉर्म के लिए ऐप और इंटीग्रेशन तैयार करने का समय मिल सके। इसके बाद इन्हें साल के अंत में बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है। सितंबर में Apple के 20वीं सालगिरह वाले iPhone के साथ लॉन्च की संभावना भी जताई गई है, हालांकि कंपनी ने अभी इनमें से किसी भी प्रोडक्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।













































