नई दिल्ली: पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान हुई द्विपक्षीय बैठकों की जानकारी विपक्ष के साथ साझा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से उठाए गए कई अहम मुद्दों पर यह स्पष्ट होना चाहिए कि क्या बातचीत के दौरान उन पर चर्चा हुई थी। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में द्विपक्षीय बैठकों के बारे में ANI से बात करते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा BRICS के भीतर क्या हुआ, यह सभी को पता है। इसे दुनिया और देश के सामने स्पष्ट रूप से रखा गया है। हालांकि, ब्रिक्स के दौरान हुई द्विपक्षीय बातचीत की पूरी जानकारी हमेशा सामने नहीं आती है और न ही इसका विस्तृत ब्योरा दिया जाता है।
सलमान खुर्शीद ने कहा कि कभी-कभी मामलों का जिक्र तो होता है, लेकिन पूरी तस्वीर सामने नहीं आती। कांग्रेस नेता ने कहा कि विपक्ष यह जानना चाहता है कि क्या कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और जयराम रमेश की ओर से उठाए गए मुद्दों पर द्विपक्षीय बैठकों के दौरान चर्चा हुई थी। सलमान खुर्शीद ने कहा कि जहां तक असल बातचीत की बात है, कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधियों, जैसे पी. चिदंबरम और जयराम रमेश ने एक बार फिर उन चार अहम मुद्दों को उठाया जिन्हें हम लंबे समय से उठाते आ रहे हैं। ऐसे मुद्दे जिन पर हमें सरकार से संसद के अंदर या बाहर कोई जवाब नहीं मिला है।





































