ढाका: बांग्लादेश की ओर से एक बार फिर भारत पर पुश इन (बॉर्डर पर लोगों को जबरन धकेलने) के आरोप लगाए गए हैं। तारिक रहमान सरकार ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) पर लोगों को जबरदस्ती सीमा पार कराने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बीजीबी (बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश) लगातार ऐसी कोशिशों को रोक रही है। बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि इसमें स्थानीय लोगों की मदद मिल रही है और भारत की ओर से किसी भी कीमत पर लोगों को आने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
द डेली स्टार के मुताबिक, सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि बांग्लादेश ने लोगों को गैर-कानूनी तरीके से अपनी सीमा में धकेलने की कोशिशों को सफलतापूर्वक रोका है। हम किसी को भी तय कानूनी प्रक्रियाओं के बिना देश में घुसने की इजाजत नहीं देंगे। अहमद ने ढाका के पिलखाना में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के मुख्यालय में ये बातें कही हैं।
‘कानूनी तरीके से ही लोगों को वापस लेंगे’
सलाहुद्दीन अहमद ने कहा ‘बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने स्थानीय लोगों की मदद से अब तक ऐसी सभी कोशिशों को सफलतापूर्वक नाकाम किया है। कुछ लोग गैर-कानूनी तरीके से देश में घुसे थे। अधिकारियों ने उन मामलों में कार्रवाई की है। भारत की तरफ से लोगों को धकेलने की कोशिशों के खिलाफ हम नई दिल्ली में केंद्र सरकार से बात करेंगे।’
सलाहुद्दीन ने कहा कि अगर कोई बांग्लादेशी नागरिक भारत में है तो भारतीय अधिकारियों को तय प्रक्रिया के तहत विदेश मंत्रालय के जरिए उसकी सूचना देनी होगी। हम नागरिकता की पुष्टि करेंगे। अगर दावा सही पाया जाता है तो हम उस व्यक्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत वापस लाएंगे। किसी दूसरे तरीके से हम किसी को नहीं घुसने देंगे।










































