दिल्ली से उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाला ‘Delhi-Dehradun Expressway (DDEC)’ का आज यानी मंगलवार 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन कर दिया है। इसके साथ ही अब दिल्ली से देहरादून की दूरी घटकर मात्र 210 किमी रह गई है। यही नहीं अभी तक इस सफर में लगने वाले 5-6 घंटे की बजाय मात्र ढाई घंटे यानी 150 मिनट में यह सफर तय हो जाएगा। उद्घाटन के साध ही दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर आपने भी फर्राटा मारने की तैयारी कर ली होगी। हो भी क्यों नहीं, दिल्ली से सिर्फ तीन घंटे का सफर करके आप मसूरी की वादियों तक जो पहुंच सकते हैं। दिल्ली-देहरादून के बाद अब बारी दिल्ली-ऋषिकेश की है, वो भी रोड प्रोजेक्ट नहीं बल्कि नमो भारत RRTS की। चलिए जानते हैं –
जी हां, सब कुछ ठीक रहा तो वह समय दूर नहीं, जब आप नमो भारत में सवार होकर दिल्ली से ऋषिकेश तक का सफर कर पाएंगे। अभी दिल्ली में सराय काले खां से मेरठ में मोदीपुरम तक Namo Bharat की अत्याधुनिक सेवा चल रही है। इसी लाइन को आगे हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अगले कुछ ही वर्षों में नमो भारत की आरामदायक सीट पर बैठकर आप दिल्ली से ऋषिकेश तक पहुंच पाएंगे।
क्या होगा ऋषिकेश तक नमो भारत का रूट
हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर नमो भारत RRTS कॉरिडोर को मेरठ में मोदीपुरम से हरिद्वार तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा। प्रस्तावित विस्तार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के समानांतर हरिद्वार और ऋषिकेश तक जाएगा। इसके बन जाने के बाद दिल्ली से सीधे हिमालयी क्षेत्रों तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। मेरठ, खतौली, पुरकाजी, रुड़की, ज्वालापुर और ऋषिकेश जैसे महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ते हुए यह कॉरिडोर बनाया जाएगा। इससे इन सभी क्षेत्रों में विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।










































