PM मोदी ने किसे बताया ‘नाराज फूफा?’, होम्योपैथिक दवा का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने किस पर साधा निशाना

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हर नई पहल पर ‘नाराज फूफा’ की तरह सवाल उठाते हैं। पीएम मोदी ने भारत की आर्थिक तरक्की, यूपीआई, बुलेट ट्रेन, सेमीकंडक्टर और नए संसद भवन जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश पहले से ज्यादा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 2013 के भारत और मौजूदा भारत की तुलना करते हुए कहा कि देश आज आर्थिक और सामाजिक रूप से पहले से ज्यादा मजबूत और सुरक्षित है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने विपक्ष के आलोचकों की तुलना ‘नाराज फूफा’ से की। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का हर मुद्दे पर एक ही सवाल होता है- इसकी जरूरत क्या है? पीएम ने उदाहरण देते हुए कहा कि जब दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा बनाई जा रही थी, तब भी सवाल उठाए गए। बुलेट ट्रेन, यूपीआई, सेमीकंडक्टर और नए संसद भवन को लेकर भी इसी तरह सवाल किए गए‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने अपने 15 अगस्त के लाल किले वाले भाषण का जिक्र करते हुए ‘दिमागी नक्सल’ शब्द पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्होंने आलोचकों को ‘होम्योपैथिक दवा’ दी थी और इस बयान के बाद कई लोगों की असली सोच सामने आ गई।2013 के भारत से आज के भारत की तुलना

SRCC में पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि वे 2013 के भारत को याद करें। उन्होंने उस दौर में आर्थिक संकट, आतंकवादी हमले और अन्य चुनौतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भारत पहले की तुलना में ज्यादा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। पीएम ने कहा कि भारत ने पिछले एक दशक में करीब 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। उनके मुताबिक नए बाजार खुलने से देश के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।

उन्होंने भारत की मौजूदा आर्थिक वृद्धि का भी जिक्र किया और कहा कि देश की मजबूत घरेलू मांग, बुनियादी ढांचे और निर्माण गतिविधियों से अर्थव्यवस्था में बदलाव दिखाई देता है। एक अन्य संबोधन में उन्होंने भारत की 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि का जिक्र करते हुए कहा कि 2013 में भारत को ‘फ्रैजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था।

युवाओं को स्टार्टअप और इनोवेशन का मंत्र

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के युवा स्टार्टअप, यूनिकॉर्न और अंतरिक्ष क्षेत्र में कारोबार शुरू करने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने छात्रों से वैश्विक कंपनियों को भारत में स्थापित करने और देश को रिसर्च एवं इनोवेशन का बड़ा केंद्र बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें भारत के युवाओं और देश की 140 करोड़ आबादी पर भरोसा है। पीएम ने यह भी विश्वास जताया कि भविष्य में भारत अपना स्पेस स्टेशन बनाएगा और एक दिन देश ओलंपिक की मेजबानी भी करेगा।

13 साल बाद SRCC पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी का SRCC से पुराना जुड़ाव भी है। वह करीब 13 साल बाद दोबारा कॉलेज पहुंचे। फरवरी 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इसी कॉलेज में भाषण दिया था। उस भाषण में उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था और विकास को लेकर अपनी सोच छात्रों के सामने रखी थी। इस बार भी उन्होंने छात्रों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें देश के भविष्य में बड़ी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि अब युवाओं के सपने सिर्फ नौकरी पाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे खुद कंपनियां और नए कारोबार खड़े करने की सोच रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here