Twisha Case: गिरिबाला और समर्थ सिंह को कोर्ट से नहीं मिली राहत, 11 अगस्त तक न्यायिक हिरासत बढ़ी, दोनों ने दिए वॉयस सैंपल

0

भोपाल: ट्विशा शर्मा केस में आरोपी गिरिबाला और समर्थ सिंह को राहत नहीं मिली है। 11 अगस्त तक दोनों की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई है। साथ ही दोनों ने सीबीआई को वॉयस सैंपल भी दिए हैं। सीबीआई पूरे मामले की जांच कर रही है। इसके बाद चार्जशीट पेश करेगी।

11 अगस्त तक बढ़ा दी न्यायिक हिरासत

भोपाल कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की मौत मामले में आरोपी गिरिबाला और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी है। सुनवाई के दौरान, सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि गवाहों से पूछताछ अभी चल रही है और अनुरोध किया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में ही रखा जाए। इस दलील के बाद, कोर्ट ने आदेश दिया कि गिरिबाला और समर्थ सिंह 11 अगस्त तक जेल में ही रहेंगे।

दोनों ने दिए वॉयस सैंपल

वहीं, समर्थ और गिरिबाला सिंह ने सीबीआई को वॉयस सैंपल दिए हैं। मामले में सीबीआई की टीम अन्य गवाहों से भी पूछताछ कर रही है। सीबीआई जल्द ही मामले में चालान पेश करेगी। इसके बाद केस में सुनवाई चलेगी।

जमानत पर भी हुई है सुनवाई

बीमार मां की सेवा के लिए पू्र्व जज गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी। याचिका पर सुनवाई करने से कई कोर्ट बचते रहे। बाद में याचिका को स्वीकार किया गया और मामले में सुनवाई है। कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। अभी गिरिबाला सिंह की जमानत पर कोई फैसला नहीं आया है।

हिरासत बढ़ाने का विरोध किया

वहीं, बचाव पक्ष ने न्यायिक हिरासत बढ़ाने का विरोध किया है। बचाव पक्ष का कहना है कि न्यायिक हिरासत बढ़ाने को लेकर सीबीआई की तरफ से कोई वजह नहीं बताई गई है। साथ ही कोर्ट में यह भी पूछा गया कि कितने गवाहों से पूछताछ हुई है। इस पर सीबीआई की ओर से कहा गया कि मामले की जांच अभी जारी है। इसलिए किन-किन लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं, उसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती है।

गौरतलब है कि 11 मई भोपाल स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा की मौत हुई थी। ससुराल के लोगों का कहना था कि उसने खुदकुशी की है। वहीं, ट्विशा के मायके वालों ने कहा था कि उसकी हत्या हुई है। बाद में हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here