स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की घरेलू सीरीज के शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में 19 साल के लेफ्ट आर्म रिस्ट स्पिनर विटेल लॉज को पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया है। ये मैच गुयाना और बारबाडोस में खेले जाएंगे। श्रीलंका के खिलाफ एंटीगुआ में टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद 8 जुलाई को टीम गुयाना में इकट्ठा होगी।
19 साल के विटेल ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में दमदार प्रदर्शन किया था। इसके चलते उन्हें सीनियर टीम के साथ ट्रेनिंग कैंप में जोड़ा गया। विटेल ने अंडर-19 वर्ल्ड कप में 10 विकेट लिए और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डॉट बॉल फेंकी। इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी मदद के लिए स्पिन-बॉलिंग कोच निकिता मिलर को टीम मैनेजमेंट में शामिल किया गया है, जहां वे इस युवा खिलाड़ी के साथ मिलकर काम करेंगे।
हेटमायर और शमर चयन के लिए उपलब्ध नहीं
विटेल को छोड़कर वेस्टइंडीज ने अपनी कोर टीम के ज्यादातर खिलाडियों को ही रिटेन किया है। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ समाप्त हुई वनडे सीरीज में खेले खिलाड़ियों को ही न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी चुना है। बस कुछ ही बदलाव किए जैसे, शिमरन हेटमायर अपने मेजर लीग क्रिकेट कमिटमेंट्स को पूरा करने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिलने के बाद उपलब्ध नहीं हैं, जबकि ऑलराउंडर शमर स्प्रिंगर अपनी मां के निधन के बाद सिलेक्शन से हट गए हैं। कीमो पॉल, जिन्हें हाल ही में कवर के तौर पर टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, ODI टीम में स्प्रिंगर की जगह लेंगे।
2027 वनडे वर्ल्ड की तैयारी में जुटी टीम
हेड कोच डैरेन सैमी ने कहा कि न्यूजीलैंड सीरीज 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए वेस्टइंडीज की तैयारी का एक अहम हिस्सा है। सैमी ने कहा, 50 ओवर के वर्ल्ड कप से पहले हम यहां से जो भी सीरीज खेलेंगे, हम उन्हें जरूरी जीत के तौर पर देखेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच हमें एक ODI यूनिट के तौर पर अपने सुधार को जारी रखने और कैरिबियन के लोगों के लिए और मैच जीतने का सबसे अच्छा मौका देते हैं।
पहले तीन वनडे मैच के लिए वेस्टइंडीज की टीम:-
शाई होप (कप्तान), एकीम ऑगस्टे, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स










































