पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के कटंगी रोड़ स्थित टोंडिया नाले के समीप एक भीषण सडक़ हादसा घटित हुआ। एक तेज रफ्तार अज्ञात बाराती टवेरा वाहन ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में स्कूटी चालक वार्ड क्रमांक ७ गुरुनानक नगर निवासी राजू पंजवानी ५५ वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ जब एक टवेरा वाहन जिसमें बाराती सवार थे कटंगी की ओर अत्यधिक तेज गति से जा रहा था। टोंडिया नाले के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे स्कूटी सवार राजू पंजवानी को अपनी चपेट में ले लिया। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और श्री पंजवानी सडक़ पर दूर जा गिरे जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे को अंजाम देने के बाद टवेरा चालक वाहन सहित मौके से फ रार होने में कामयाब रहा। घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल इसकी सूचना १०८ एम्बुलेंस को दी और घायल को वारासिवनी के सिविल अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने घायल राजू पंजवानी का प्राथमिक उपचार किया लेकिन उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी। शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय बालाघाट रिफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही वारासिवनी पुलिस बल ने मौके पर पहुँचकर घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फु टेज खंगाली जा रही है ताकि फ रार बाराती वाहन की पहचान की जा सके।










































