हॉरर-कॉमेडी का जॉनर बड़े पर्दे पर हिट रहा है। ‘भूल भुलैया’ से लेकर ‘स्त्री’ फ्रेंचाइज की फिल्में इसकी गवाह हैं। अब OTT पर भी डायरेक्टर भुवनेश श्रीवास्तव इसी जॉनर की ‘अली बाबा और 40 भूत’ नाम से वेब सीरीज लेकर आए हैं। शुक्रवार 11 सितंबर को JioHotstar पर इसके पहले 4 एिपसोड रिलीज किए गए हैं, जबकि आगे हर शुक्रवार को एक नया एपिसोड स्ट्रीम किया जाएगा। सीरीज का प्लॉट दिलचस्प है। कल्पना कीजिए क्या होगा अगर अपने लापता पिता को ढूंढते हुए आप एक ऐसे शहर में पहुंच जाएं जहां 40 बेचैन भूत घूमते हों? यकीनन कागज पर ‘अली बाबा और 40 भूत’ में एक मजेदार हॉरर-कॉमेडी के लिए जरूरी सभी चीजें हैं। लोककथाएं, अलौकिक घटनाएं, अजीब किरदार और एक अनोखी जासूस जोड़ी। लेकिन क्या यह असल में वह बन पाई है, जो यह चाह रही थी, आइए जानते हैं-
‘अली बाबा और 40 भूत’ की कहानी
कहानी में अलीशा निगम (आशा नेगी) है, जो लॉजिक और साइंस में यकीन रखती है। उसे उसके चाहने वाले अली के नाम से पुकारते हैं। वह एक न्यूरोसाइकोलॉजिस्ट है जो मध्य भारत के एक काल्पनिक शहर ‘झुलिया’ में अपने लापता आर्कियोलॉजिस्ट पिता, तपिश निगम (उज्ज्वल चोपड़ा) को ढूंढने आती है। गायब होने से पहले तपिश अपनी बेटी को एक रहस्यमयी मैसेज भेजते हैं। यह मैसेज उसे एक ऐसी गुत्थी में उलझा देता है, जिसका संबंध एक प्राचीन चीज से है और जिसकी कहानी डरावनी और जादुई शक्तियों से जुड़ी है।










































