इंदौर। इंदौर शहर के तीन इमली इलाके में खड़ी बसों में वेल्डिंग के दौरान आग लग गई। एक-एक करके पांच बसें आग की चपेट में आ गईं और वहां खड़े कई दोपहिया वाहन भी जल गए। बसों से उठता धुआं आसपास इलाके में फैलने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने की कोशिश शुरू की।
इस दौरान इलाके के रहवासी पार्षद और एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा के साथ ट्रैवल्स ऑफिस के गेट पर आकर बैठ गए। वे यहां से बसों को हटाने की मांग करने लगे। रहवासियों का कहना है कि इसके पहले भी बसों में आग लगने का हादसा हो चुका है। ऐसे में रहवासी इलाके में बसों के खड़े होने से उनकी जान को खतरा बना रहता है।
सिलिंडर में भी हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक जहां बसें खड़ी थी वहां उनकी मरम्मत का काम किया जाता है। यहां बस में वेल्डिंग का काम किया जा रहा था, इसी दौरान इसमें से निकली चिंगारी ने एक बस को अपनी चपेट में ले लिया और देखते-देखते पास खड़ी अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गईं।
लोगों का कहना है कि बस में आग लगने के बाद वहां रखे सिलिंडर में भी ब्लास्ट हुए, इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल हो गया। पार्षद मनीष शर्मा का कहना है कि पहले जब बसों में आग लगी थी तब उन्होंने यहां से इन्हें हटाने के लिए कहा था, लेकिन बसें नहीं हटाई गईं और एक बार फिर रहवासियों की जान खतरे में पड़ गई।










































