तेहरान/दुबई: अमेरिका और ईरान सीजफायर के बाद भी लगातार एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की बारुदी सुरंगों और सेना की रोक के बाद सैकड़ों जहाज दोनों तरफ फंसे हुए हैं। इस बीच अमेरिका ने भी अपनी नाकेबंदी को कड़ा कर दिया है और ईरान के जहाजों को होर्मुज से जाने से रोक रहा है। अमेरिका ने तो ईरान जा रहे एक जहाज के इंजन तक को उड़ा दिया है। इस बीच न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने पिछले 3 सप्ताह के अंदर 70 व्यवसायिक जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से निकालने में मदद की है। वह भी तब जब इस संकरे रास्ते में ईरान ने हर जगह पर बारुदी सुरंगें बिछा रखी हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका ने 70 जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से निकाला। इसमें कई जहाज होर्मुज से होते हुए अंदर गए और कई बाहर आए हैं। अमेरिका के एक अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर यह जानकारी दी है। इनमें से ज्यादातर जहाजों ने अपने ट्रांसपोंडर को बंद कर दिया था ताकि उनकी पहचान नहीं की जा सके। अमेरिकी अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि इन जहाजों ने कौन सा रास्ता अपनाया और किसी तरह के जहाज होर्मुज से गुजरे हैं। हालांकि एक अधिकारी ने बताया कि ये जहाज ईरान के तट के पास से नहीं गुजरे हैं।










































