खैरलांजी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चिखलाबांध के उप सरपंच सहित 10 पंचों और अन्य ग्रामीणों ने गांव की महिला सरपंच के अस्वस्थ होने का हवाला देते हुए उनके स्वस्थ होने तक ,सरपंच पद का प्रभार उपसरपंच को दिए जाने की मांग की है। उक्त मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे ग्राम चिखलाबांध के पंचों ने महिला के सरपंच पति पर 15 वे वित्त की राशि का दुरुपयोग करने, कांजी हाउस, काम्प्लेक्स, बैठकी बाजार नीलामी राशि सहित अन्य शासकीय राशि का स्वयं कार्यों में उपयोग लेने और मनरेगा के मजदूरों को स्वयं के ईट भट्टे पर काम कराने का आरोप लगाया है। जहां ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर वैधानिक कार्यवाही किए जाने की मांग की है। उक्त मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे पदाधिकारियों में ग्राम पंचायत चिखलाबांध उप सरपंच मुलेद्र कुमार मार्को, पंच मनोज। बिठले, पवन बघेल, वर्षा उईके बसंती, मालती अजीत, दुर्गाबाई, गीता उके,सरला सोनगड़े, गायत्री नान्हे और पंच बाबूलाल धुर्वे सहित अन्य ग्रामीण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
उपसरपंच को दिया जाए सरपंच का प्रभार – मनोज बिठले
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत चिखला बांध पंच मनोज कुमार बिठले ने बताया कि हमारी पंचायत की महिला सरपंच विगत 6 माह से कैंसर से पीड़ित है। जो घर पर ही रहती है। जिसके चलते पंचायत का कार्य अवरुद्ध हो गया है। वहीं सरपंच पति 15 वे वित्त की राशि का गलत उपयोग कर रहे हैं। वे मनरेगा के मजदूरों से स्वयं के ईट भट्टे में काम करा रहे हैं और उनकी हाजिरी फर्जी मस्टरोल भरकर निकाली जा रही है। इसके अलावा कांजी हाउस ,बाजार बैठकी राशि,काम्प्लेक्स की राशि आदि का उपयोग वे स्वयं कार्यों में कर रहे हैं। स्वयं के ईट भट्टे में मनरेगा के मजदूरों का वीडियो भी हमारे पास है ।हमारी मांग है कि सरपंच के स्वस्थ होने तक सरपंच का प्रभार उपसरपंच को दिया जाए।
दोषियों पर वैधानिक कार्यवाही की जाए- मार्को
वही ज्ञापन को लेकर की गई चर्चा के दौरान उपसरपंच मुलेद्र मार्को ने बताया कि वर्तमान सरपंच कैंसर से पीड़ित है। जिसके चलते सरपंच पति मनमानी कर रहे हैं ।अक्टूबर-नवंबर से सरपंच पंचायत में नहीं आई है। जिस पर उनके पति शासकीय राशि का स्वयं उपयोग कर रहे हैं और शासन के खाते में राशि जमा नहीं की जा रही है। वहीं मनरेगा के मजदूरों से स्वयं के ईट भट्टे में काम करा रहे हैं जिसके वीडियो भी हमारे पास में है। उन्होंने बताया कि गांव में 20 पंच है जिसमें 14 पंच हमारे पक्ष में है। हमारी मांग है कि इस पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों पर वैधानिक कार्यवाही की जाए।










































