रूक-रूक कर हुई बारिश भी नहीं डिगा सकी श्रध्दालुओं का उत्साह, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर गणेश जी को दी गई भावभीनी विदाई
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में प्रथम पूज्य विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की आराधना का दस दिवसीय गणेशोत्सव पर्व अपार श्रध्दा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। २५ सितंबर को पर्व के अंतिम दिन ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ और ‘एक दो तीन चार, गणेश जी की जय-जयकार’ के गगनभेदी जयकारों के साथ श्रध्दालुओं ने भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी। नगर मुख्यालय में सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों एवं श्रध्दालुओं द्वारा अपने घरों में गत १४ सितंबर को भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित कर १० दिवस तक पूजा अर्चना की गई है। वहीं कुछ समितियों एवं श्रध्दालुओं ने प्रतिमाओं के समक्ष २५ सितंबर को विशेष पूजन, हवन और भंडारे का आयोजन किया। इस अवसर पर श्रध्दालुओं को महाप्रसादी वितरण करने के पश्चात डीजे, ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ भगवान श्री गणेश विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रध्दालुओं ने भक्तिगीतों पर जमकर नृत्य किये और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां बांटी।
विभिन्न जलाशयों में किया गया विसर्जन, बारिश पर भारी पड़ा श्रध्दालुओं का उत्साह
भगवान श्रीगणेश की विसर्जन शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पांढरवानी स्थित बड़ा तालाब, सर्राटी नदी, ढूटी वीयर वैनगंगा बड़ी नहर और वैनगंगा नदी के पोटियापाट घाट पहुंची। जहां विधि-विधान से महाआरती के बाद प्रतिमाओं को जल में विसर्जित किया गया। वहीं ग्रामीण अंचलों में भी श्रध्दालुओं ने स्थानीय नदी, नालों और तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया। विसर्जन का यह दौर देर रात तक चलता रहा। २५ सितंबर को दिनभर रूक-रूक कर बारिश होती रही, लेकिन इससे श्रध्दालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बारिश के बीच भी जनसैलाब सडक़ों पर डटा रहा और पूरी निष्ठा व आनंद के साथ विसर्जन जुलूस में श्रध्दालुजन शामिल हुए और प्रतिमा विसर्जित कर भगवान श्रीगणेश को भावभीनी विदाई दिये। वहीं भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर मुख्यालय और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। विसर्जन वाले स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के कारण विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जिससे समाचार लिखे जाने तक किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
मंडी परिसर में हवन-पूजन का हुआ आयोजन
नगर मुख्यालय के राजाभोज जैविक एवं प्राकृतिक कृषि उपज मंडी काम्पलेक्स परिसर में लालबर्रा विकासखंड की सबसे पुरानी श्री गणेश नवदुर्गा उत्सव गंज समिति के तत्वाधान में गत १४ सितंबर को विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विराजित कर गणेशोत्सव पर्व भक्तिभाव के साथ मनाया गया। २५ सितंबर को दोपहर में हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंडित के द्वारा हवनपूजन संपन्न करवाया गया जिसमें श्रध्दालुजन पहुंचकर हवनकुण्ड में पूर्णाहुति डालकर धर्मलाभ अर्जित किये तत्पश्चात आरती कर महाप्रसादी का वितरण किया गया। जिसके बाद शाम में डीजे की धून पर शोभायात्रा निकालकर प्रतिमा का विसर्जन किया गया।









































