नई दिल्ली: लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री को लेकर ऐसा कमेंट किया, जिस पर हंगामा हो गया। उन्होंने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिसिया कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए। इसका सत्तापक्ष ने तीखा विरोध किया और उनसे माफी की मांग कर दी। राहुल गांधी ने सदन में कहा कि गृह मंत्री आज यहां क्यों नहीं हैं? क्योंकि वह डरे हुए हैं। गृह मंत्री डरे हुए हैं, उन्होंने ही हमारे छात्रों पर गोली चलाने की इजाजत दी थी।
सदन में घिरे राहुल गांधी, अखिलेश का मिला साथ
नेता विपक्ष के इतना कहते ही किरेन रिजिजू ने पलटवार किया। उन्होंने कहा राहुल गांधी ऑर्डर की कॉपी दिखाएं नहीं तो माफी मांगे। इस सियासी घमासान में जब कांग्रेस नेता घिरे नजर आए तो समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने मोर्चा संभाला। अपने विपक्षी ‘साथी’ राहुल गांधी को सपोर्ट में उन्होंने आवाज बुलंद की। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि छात्रों के प्रदर्शन में फायरिंग का आदेश किसने आदेश दिया था।










































