जनसुनवाई में पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने सुनी जनता की समस्या

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर पालिका परिषद के तत्वाधान में मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह जनसुनवाई पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरिता मनोज दांदरेए और परिषद के विभिन्न सभापति एवं पार्षदगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मौके पर सुनी गईं एक दर्जन से अधिक शिकायतें

जनसुनवाई के दौरान नगर के विभिन्न वार्डों से आए एक दर्जन से अधिक नागरिकों ने पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। इनमें से अधिकांश शिकायतें वार्डों की साफ. सफाई, नालियों से पानी की निकासी ना होना और आवश्यक निर्माण कार्यों से संबंधित थीं। श्री जायसवाल ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपस्थित अधिकारियों से चर्चा की और कई मामलों का तत्काल निराकरण कराया। वहीं गंभीर समस्याओं के लिए समय सीमा तय कर अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

संबल योजना के हितग्राहियों को मिली सहायता

इस दौरान शासन की जनकल्याणकारी संबल योजना के अंतर्गत मृत्यु सहायता राशि के आदेशों का वितरण किया गया। हितग्राहियों में राकेश कुमार बुरडे, सरिता हरिनंदा, गोपाल लांजेवार, देवीप्रसाद बुरडे, शिवशंकर पंचेश्वर, लक्ष्मी पांद्रे, देवलाल सिंगरे और अनतराम शामिल रहे। सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।

मृत्यु सहायता राशि दिलाने नपा के कर्मचारियों ने माँगे पैसे श्री जायसवाल ने लगाई फटकार

वितरण के दौरान तब हडक़ंप मच गया जब पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने हितग्राहियों से सीधा संवाद कर पूछा क्या इस योजना का लाभ दिलाने के लिए किसी ने रुपयों की मांग की। इस पर दो हितग्राहियों ने खुलकर हामी भरी और रूपये मांगने की पुष्टि की। श्री जायसवाल ने तत्काल संबंधित कर्मचारी को तलब कर सार्वजनिक रूप से कड़ी फटकार लगाई और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कर्मचारियों की लापरवाही पर बरसे पूर्व मंत्री काम नहीं तो वेतन नहीं

जनसुनवाई में नगर की सफाई व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी जमकर नाराजगी व्यक्त की गई। श्री जायसवाल ने पाया कि कई कर्मचारी ऑनलाइन अटेंडेंस लगाकर ड्यूटी से नदारद हो जाते हैं। उन्होंने समस्त शाखा प्रभारियों और सीएमओ को सख्त हिदायत दी कि ऑनलाइन उपस्थिति के साथ साथ मैन्युअल रजिस्टर में भी हस्ताक्षर अनिवार्य किए जाएं और इसकी निगरानी प्रभारी स्वयं करें। अधिकारियों और प्रभारियों को चेतावनी देते हुए श्री जायसवाल ने कहा की परिषद के पास फंड की कमी नहीं है लेकिन अगर काम नहीं होगा तो वेतन का भुगतान भी नहीं किया जाएगा। अधिनस्थ कर्मचारी अटेंडेंस लगाकर चले जाते हैं और सफाई व्यवस्था बदहाल पड़ी है। यह स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रभारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो कठोर कदम उठाए जाएंगे।

नगर विकास के लिए अनुशासन जरूरी

कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सरिता मनोज दांदरे ने भी परिषद की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नगर की जनता को बेहतर सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता है। और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही बरतने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

जनसुनवाई के माध्यम से आम जनता की समस्या सुनकर तत्काल निराकरण किया जा रहा है-प्रदीप जायसवाल

पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल ने बताया कि हमारे पास जनता की समस्या आ रही थी जिससे नगर पालिका अधिकारी कर्मचारी के कामकाज में ढिलाई महसूस हो रही थी। जनसुनवाई के माध्यम से आम जनता की सीधे समस्या सुन कर यथा संभव समस्या का निराकरण जल्द करने के उद्देश्य से या सुनवाई रखी गई है। समस्याओं को नोट किया गया है इसमें ५० प्रतिशत समस्या का निराकरण तत्काल कर दिया गया है। ऑनलाइन हाजिरी शासन ने लाई है कुछ कर्मचारी हाजिरी लगाकर गायब हो जाते हैं तो सीएमओ को हमने ऑनलाइन के साथ रजिस्टर में ऑफ लाइन हाजिरी दर्ज करने कहा है। ताकि कर्मचारियों में कसावट आए और उन्हें उनके कार्य का ही भुगतान हो। लापरवाही तो है कर्मचारी मृत्यु सहायता राशि प्रकरण में पैसे मांगे थे उसे बुलाए वह आया नहीं कलेक्टर से हमारे द्वारा चर्चा की जाएगी उसे सस्पेंड किया जायेगा। आम जनता को कोई समस्या ना हो दूरभाष सेवा हमारे द्वारा आपातकाल के लिए चालू की गई थी। उसमें भी सुधार करें हैं यह जो शिकायतें आई है उनका अगली बार फिर हम बैठेंगे तब तक निराकरण होना चाहिए। संबंधित कर्मचारियों पर प्रकिया के तहत कार्यवाही की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here