तेज रफ्तार मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराई
गंभीर घायल जितेंद्र भगत जिला अस्पताल रेफर
बालाघाट। रूपझर थाना क्षेत्र के बैहर रोड परसाटोला के पास मंगलवार को दोपहर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले उकवा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है। घायल जितेंद्र पिता रामलाल भगत ग्राम लवादा थाना थाना लालबर्रा निवासी बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेंद्र भगत रायपुर में रहकर बस का ड्राइवर का काम करते हैं और रायपुर पुणे रूट पर बस चलाते हैं।जितेंद्र भगत के जीजा प्रमोद चौधरी ग्राम उकवा निवासी की 10 अगस्त की रात रायपुर एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जीजा की मौत की सूचना मिलने के बाद 11 अगस्त को जितेंद्र रायपुर से मोटरसाइकिल पर उकवा के लिए रवाना हुए थे। उन्हें जीजा के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होना था।बताया गया है कि दोपहर 2:30 बजे करीब जितेंद्र मोटरसाइकिल से बैहर की ओर से उकवा आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम परसाटोला के पास उनकी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जितेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल उकवा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बालाघाट रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।










































