नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज टिम डेविड पर आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के चलते मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही डेविड के खाते में 2 डिमेरिट पॉइंट्स भी जुड़े हैं। 10 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान यह घटना हुई। यह अनुशासनात्मक कार्रवाई तब शुरू की गई जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के डगआउट से टिम डेविड का मिडिल फिंगर दिखाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
आईपीएल की तरफ से जारी हुआ ऑफिशियल बयान
आरसीबी के खिलाड़ी टिम डेविड को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.6 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो ऐसे इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो अश्लील, अपमानजनक या बेइज्जती करने वाला हो। आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ऑलराउंडर टिम डेविड पर उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उन्हें 2 डिमेरिट पॉइंट्स भी दिए गए हैं। टिम को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.6 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो ‘ऐसे इशारे का इस्तेमाल करने से संबंधित है जो अश्लील, अपमानजनक या बेइज्जती करने वाला हो।’ टिम डेविड ने अपनी गलती के साथ मैच रेफरी अमित शर्मा की तरफ से दी गई सजा को स्वीकार कर लिया।’










































