नई दिल्ली: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खेमे से इस समय की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। आईपीएल 2026 में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद अब हार्दिक पंड्या का मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर सफर खत्म होने की कगार पर है। एक सीजन जिसमें टीम ने 14 में से 10 मैच गंवाए और पॉइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर रही, उसके बाद फ्रेंचाइजी अपने पूरे स्क्वाड को बदलने की तैयारी में है और इसकी शुरुआत कप्तानी से होने जा रही है।
कैंप में मची हलचल, कोचिंग स्टाफ ने दिया कड़ा संदेश
द इंडियन एक्सप्रेस ने मुंबई इंडियंस खेमे के कम से कम तीन करीबी सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि हार्दिक पंड्या की कप्तानी जाना लगभग तय है। सिर्फ कप्तानी ही नहीं, बल्कि बतौर खिलाड़ी भी टीम में उनकी जगह को लेकर गंभीर चर्चा चल रही है। मुंबई इंडियंस के एक सूत्र ने बताया, ‘सीजन के दौरान ही ऐसे कई संकेत मिल चुके थे कि टीम मैनेजमेंट हार्दिक को कप्तान के रूप में बनाए रखने के पक्ष में नहीं है। कैंप में इस बात को लेकर पूरी तरह से सुगबुगाहट तेज है।’ इस बड़े फैसले का बैकग्राउंड राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम के आखिरी मैच के बाद तैयार हुई, जब कोचिंग स्टाफ ने सीनियर खिलाड़ियों के साथ एक कड़क मीटिंग की।










































