Yami Gautam-Aditya Dhar Visits Ujjain Mahakal Temple: बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम (Yami Gautam) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। यामी गौतम की अपकमिंग फिल्मों को लेकर एक के बाद एक अपडेट सामने आते रहते हैं। कभी फिल्म के सेट से कोई तस्वीर सामने आ जाती है, तो कभी किसी फिल्म के ऐलान से धमाल मच जाता है। इन सब के बीच एक्ट्रेस यामी गौतम अपने पति और फिल्म निर्देशक आदित्य धर के साथ उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां दोनों ने परिवार के साथ बाबा महाकाल के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान यामी और आदित्य काफी भावुक नजर आए।
एक्ट्रेस का हुआ स्वागत
मंदिर पहुंचने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से यामी गौतम और आदित्य धर का स्वागत और सम्मान किया गया। दोनों ने चांदी द्वार से बाबा महाकाल को जल अर्पित किया और नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। दर्शन के बाद उन्होंने नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में यामी गौतम ने कहा, ‘जब बाबा का बुलावा आता है तभी यहां आना होता है।’ उन्होंने बताया कि फिल्म ‘ओह माय गॉड’ की शूटिंग के दौरान वह महाकाल के दर्शन नहीं कर पाई थीं। यामी ने इस पल को बेहद भावुक बताते हुए कहा कि इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। यामी गौतम और आदित्य धर की वीडियो और तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं।










































