पावन श्रावण मास में पूरे महीने चलेगा अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ

0


पदमेश न्यूज़।बालाघाट। पावन श्रावण मास के शुभ अवसर पर श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर, हीरापुर (भरवेली) में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का विधिवत शुभारंभ किया गया है। यह अखंड पाठ संपूर्ण श्रावण मास के दौरान निरंतर आयोजित किया जाएगा।बताया गया कि यह धार्मिक आयोजन विश्व की सबसे ऊंची 205 फीट दिव्य श्री हनुमान जी महाराज की प्रतिमा एवं भव्य मंदिर निर्माण के महा संकल्प की सिद्धि के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही भगवान श्रीराम एवं पवनपुत्र श्री हनुमान जी महाराज की कृपा, धर्म रक्षा, राष्ट्र कल्याण एवं समस्त मानव समाज के मंगल की कामना की जा रही है। प्रातः विधि-विधान एवं पूजन-अर्चन के साथ अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, माता सीता एवं पवनपुत्र हनुमान जी का पूजन कर अखंड मानस पाठ का संकल्प लिया। मंदिर परिसर में रामचरितमानस की चौपाइयों एवं भगवान श्रीराम के जयकारों से भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया।

श्रावण मास में निरंतर होगा मानस पाठ
बताया गया कि पूरे श्रावण मास में श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ जारी रहेगा। इसमें श्रीरामायण पाठ मंडलियों, भजन मंडलियों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों की सहभागिता रहेगी। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस पावन आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी ने बताया कि श्रावण मास की पावन बेला में अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन भगवान श्रीराम एवं पवनपुत्र श्री हनुमान जी महाराज की कृपा प्राप्त करने और 205 फीट दिव्य श्री हनुमान जी महाराज की प्रतिमा एवं भव्य मंदिर निर्माण के महा संकल्प को सिद्ध करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि धर्म, संस्कृति, राष्ट्र कल्याण और जन-जन की आस्था से जुड़ा महा संकल्प है। उन्होंने सभी रामभक्तों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की।

पूर्णाहुति, महायज्ञ के साथ किया गया प्रसाद वितरण
अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ की पूर्णाहुति 30 अगस्त 2026 को होगी। इस अवसर पर प्रातः अखंड पाठ की पूर्णाहुति के साथ वैदिक हवन एवं पूर्णाहुति महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सेवक एवं पाठ में सहभागी रहे पाठकों का सम्मान समारोह होगा तथा शाम को श्रीराम भोज एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।समापन समारोह में आयोजन से जुड़े सेवाभावी श्रद्धालुओं एवं पाठकों को सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) एवं विशेष उपहार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
00000000000000000000000000000000

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here