पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित बजरंग मंदिर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सावन मास के पावन अवसर पर ३० जुलाई को अखंड रामायण पाठ का विधि-विधान से शुभारंभ किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान संपूर्ण सावन मास में निरंतर जारी रहेगा। सावन मास के प्रारंभ होते ही नगर सहित ग्रामीण अंचलों के शिव मंदिरों में हर-हर महादेव का जयघोष गूंजने लगा है। गुरूवार को प्रात: १० बजे बजरंग मंदिर के पुजारी द्वारा मुख्य यजमान की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजन-अर्चन करवाकर अखण्ड रामायण पाठ का श्रीगणेश करवाया गया। आपकों बता दे कि सावन मास के प्रारंभ होते ही नगर मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में स्थित शिव मंदिरों में भोलेनाथ की पूजा अर्चना की गई और हर-हर महादेव के गीतों से क्षेत्र गुंजमान्य होने लगा है। नगर मुख्यालय में स्थित बजरंग मंदिर में विगत ४६ वर्षों से संपूर्ण सावन मास में अखंड रामायण पाठ का वाचन धर्मप्रेमियों द्वारा किया जा रहा है। जिसमें दिन में महिलाओं व रात्रि में पुरूष व युवा वर्ग के द्वारा शामिल होकर अखण्ड रामायण पाठ का वाचन किया जा रहा है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि नगर के बुजुर्गों के द्वारा शुरू की गई यह धार्मिक नींव आज भी निरंतर जारी है। बजरंग मंदिर में विगत ४६ वर्षों से सावन मास में अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया जा रहा है। गुरूवार को सावन मास के पावन अवसर पर मंदिर में विधि-विधान से पूजा अर्चना कर अखण्ड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया है। जिसका वाचन संपूर्ण सावन मास की समाप्ति तक जारी रहेगा। आगे बताया कि इस अखंड रामायण पाठ की मुख्य विशेषता यह है कि दिन के समय महिलाएं और रात्रि के समय पुरूष व युवा वर्ग संगीतमय शैली में श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों का वाचन करते हैं। साथ ही यह भी बताया कि सावन मास में भगवान भोलेनाथ एवं श्रीराम जी की विशेष पूजा-अर्चना का धार्मिक महत्व है, जिससे मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस अखंड पाठ का समापन रक्षाबंधन पर्व के दूसरे दिन हवन-पूजन, पूर्णाहुति एवं विशाल महाप्रसादी वितरण के साथ किया जायेगा।










































