बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल ठगी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से थाना बिरसा पुलिस द्वारा व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीम ने दमोह कॉलोनी एवं दमोह बाजार चौक पहुंचकर ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा सतर्क रहने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक शिवलाल परते के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोगों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन, मैसेज, लिंक या वीडियो कॉल पर बिना पुष्टि किए विश्वास न करें। बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी नंबर, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।अभियान के दौरान आरक्षक 395 गजेंद्र यादव ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लॉटरी, केवाईसी अपडेट, नौकरी, निवेश, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग तथा फर्जी बैंक कॉल जैसी साइबर ठगी के तरीकों से अवगत कराया। साथ ही बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।
जिम्मेदारी से करे शोशल मीडिया का उपयोग
पुलिस टीम ने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन करते समय पूरी सावधानी बरतें।इस जागरूकता अभियान में उप निरीक्षक शिवलाल परते, आरक्षक 395 गजेंद्र यादव, आरक्षक प्रिंस पटेल, एसएसयू बालक सोनम मात्रे, दिक्षिता तिल्लासे, रूपेश कुमरे एवं अनार धुर्वे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।








































