अपहरण का मामला दर्ज
मलाजखंड पुलिस ने शुरू की तलाश
बालाघाट। मलाजखंड थाना क्षेत्र के ग्राम पौनी में अपने मायके में रह रही एक महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपहरण कर गुप्त स्थान पर बंदी बनाकर रखने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पौनी निवासी परसराम मरावी खेती-किसानी करते हैं। उनकी छोटी बेटी उर्मिला मरकाम का विवाह ग्राम छिन्दीटोला निवासी श्याम शाह मरकाम के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक वर्ष 2011 से स्वास्थ्य खराब रहने और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उर्मिला अपने मायके ग्राम पौनी में अलग कमरे में रह रही थी। उसका इलाज पहले रायपुर में और वर्तमान में बालाघाट में चल रहा था।बताया गया कि 13 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे परसराम ने देखा कि उर्मिला अपने कमरे में नहीं थी और कमरे में ताला लगा हुआ था। इसके बाद उन्होंने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की। रिश्तेदारों से भी फोन पर संपर्क कर जानकारी जुटाई गई, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों के अनुसार इससे पहले भी उर्मिला इलाज कराने के लिए बिना बताए रायपुर या बालाघाट चली जाती थी और दो-तीन दिन में वापस लौट आती थी। इस बार काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पिता ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर उसे गुप्त स्थान पर बंदी बनाकर रखने की आशंका जताई।उर्मिला की लंबाई करीब 5 फीट, रंग सांवला और शरीर दुबला-पतला है। लापता होते समय उसने लाल-कत्थई रंग का सलवार-सूट पहना हुआ था।
मलाजखंड पुलिस ने माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के एसएलपी क्रमांक 11263/25 के आदेश के पालन में कायमी करते हुए अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। पुलिस द्वारा महिला की पतासाजी की जा रही है तथा जिलेवासियों से उसकी तलाश में सहयोग करने की अपील की गई है।









































